स्पोर्ट्स

Men's Hockey Asia Cup 2025: एशिया कप में पाकिस्तान की जगह ले सकता है बांग्लादेश

Men's Hockey Asia Cup 2025: एशिया कप में अगर पाकिस्तान की टीम भारत नहीं आती है तो बांग्लादेश की टीम इसका हिस्सा बन सकती है। भारत सरकार ने अपनी तरफ से कोई भी कसर नहीं छोड़ा है, जिससे पाकिस्तान की टीम यहां नहीं आ सके, लेकिन पाकिस्तान हॉकी संघ सुरक्षा का बहाना बना रहा है।

Image

हॉकी एशिया कप (साभार-X Asian Games)

Men's Hockey Asia Cup 2025: पाकिस्तान अगर 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में होने वाले पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भाग नहीं लेता है तो उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल किया जा सकता है। हॉकी इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को पीटीआई को यह जानकारी दी। भारत सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह एशिया कप के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा उपलब्ध कराएगी, लेकिन पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए यात्रा करने से इनकार कर दिया है।

आयोजकों ने आठ टीमों के टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह भरने के लिए बांग्लादेश से संपर्क किया है, लेकिन हॉकी इंडिया ने कहा कि अगले 48 घंटों में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हॉकी इंडिया के अधिकारी ने कहा, ‘‘भारत सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा देने को तैयार है, लेकिन अगर वे भारत नहीं आना चाहते तो यह हमारी समस्या नहीं है। अगर पाकिस्तान नहीं आता है तो बांग्लादेश को पहले ही भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा चुका है, लेकिन हमें पुष्टि के लिए दो दिन और इंतजार करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘न तो पाकिस्तान और ना ही बांग्लादेश ने अभी तक हमें इसकी पुष्टि की है। लेकिन बांग्लादेश पाकिस्तान की जगह ले सकता है।’’ पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के साथ सैन्य टकराव के बाद एशिया कप में पाकिस्तान की भागीदारी अनिश्चित हो गई थी। एशिया कप 2026 में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है। मेजबान भारत के अलावा, एशिया कप में भाग लेने वाली अन्य टीमें चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और चीनी ताइपे हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article