स्पोर्ट्स

Asian Athletics Championships 2025: स्टीपल चेज में भारत को मिला गोल्ड, अविनाश साबले का धमाल

Asian Athletics Championships 2025: भारत के अविनाश साबले ने सीजन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिला दिया है। साबले ने आठ मिनट 20.92 सेकंड (8:20.92 सेकंड) का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया।

Image

अविनाश साबले (साभार-X)

Asian Athletics Championships 2025: नेशनल रिकॉर्ड होल्डर अविनाश साबले ने गुरुवार को सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले 36 साल में पहले भारतीय पुरुष बन गए। साबले ने आठ मिनट 20.92 सेकंड (8:20.92 सेकंड) का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। यह एशियाई चैंपियनशिप में उनका दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2019 में रजत पदक जीता था। भारत की तरफ से इससे पहले दीनाराम ने 1989 में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। हरबेल सिंह 1975 में पुरुषों की स्टीपलचेज स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय थे।

जापान के युतारो नीनाए ने 8:24.41 सेकंड के साथ रजत पदक जीता। वह अंतिम लैप की शुरुआत में आगे चल रहे थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने शानदार प्रयास करते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया और स्वर्ण पदक हासिल किया। कतर के जकारिया इलाहलामी ने 8:27.12 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता।

इससे पहले रिंस जोसेफ, धर्मवीर चौधरी, मनु थेक्किनालिल साजी और मोहित कुमार की भारत की चार गुणा 400 मीटर पुरुष रिले टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।

भारतीय चौकड़ी ने तीन मिनट 6.28 सेकेंड का अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपनी हीट (शुरुआती दौर की रेस) में शीर्ष स्थान हासिल किया।

हीट में भारत ने चीन (तीन मिनट 6.79 सेकेंड) और मेजबान कोरिया (तीन मिनट 10.05 सेकेंड) को पछाड़कर फाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई किया। श्रीलंका ने सत्र का सबसे तेज तीन मिनट 1.56 सेकेंड का समय निकाला।

महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ के फाइनल में भारत की संजीवनी जाधव ने 33 मिनट 8.17 सेकेंड का अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया जबकि सीमा 33 मिनट 08.23 सेकेंड के समय से छठे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में कजाखस्तान की डेजी जेपकेमी (30 मिनट 48.44 सेकेंड) ने दबदबा बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। जापान की रिरिरक हिरोनिका (30 मिनट 56.32 सेकेंड) और मिकुनी याडा (31 मिनट 12.21 सेकेंड) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article