स्पोर्ट्स

Australian Open 2025: 19 साल के खिलाड़ी ने 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन को किया परेशान, संघर्षपूर्ण मुकाबले में मिली जीत

Australian Open 2025 Match Updates: ऑस्ट्रेलियन ओपन का रोमांच शुरू हो चुका है। पुरुष कैटेगरी के पहले मुकाबले में नोवाक जोकोविच को संघर्षपूर्ण जीत मिली। 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच को 19 साल के खिलाड़ी के खिलाफ जीत के लिए पसीना बहाना पड़ा।

Image

नोवाक जोकोविच। (फोटो- Australian Open X)

Photo : Twitter

Australian Open 2025 Match Updates: नोवाक जोकोविच का अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी एंडी मर्रे के कोच रहते हुए शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही और उन्हें सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर के मैच में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता में खेल रहे 19 वर्षीय निशेष बासवरेड्डी के खिलाफ जीत के लिए पसीना बहाना पड़ा। रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच पहले सेट में हार गए लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने अनुभव का अच्छा इस्तेमाल किया तथा आखिर में 4-6, 6-3, 6-4, 6-2 जीत दर्ज करके मेलबर्न पार्क में 11वीं बार चैंपियन बनने की तरफ कदम बढ़ाए।

जोकोविच ने मर्रे के बारे में कहा, ‘निश्चित तौर पर उसे अपने कॉर्नर पर बैठे देखकर मैं काफी रोमांचित था। यह थोड़ा अजीब अनुभव भी था क्योंकि हम पिछले 20 वर्षों से एक दूसरे के खिलाफ खेलते रहे हैं। उसका अब मेरे साथ होना शानदार है। उसने मैच के दौरान मुझे कुछ अच्छी सलाह दी।’ महिलाओं की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज इगा स्वियातेक, नंबर तीन कोको गॉफ, नंबर सात जेसिका पेगुला और नाओमी ओसाका के साथ पुरुष वर्ग के शीर्ष खिलाड़ी यानिक सिनेर और नंबर तीन कार्लोस अल्कराज भी शुरुआती दौर की बाधा पार करने में सफल रहे।

ऑस्ट्रेलिया में अपने चार प्रमुख खिताबों में से दो जीतने वाली ओसाका ने रॉड लेवर एरेना में सोमवार को हुए आखिरी मैच में कैरोलिन गार्सिया को 6-3, 3-6, 6-3 से हराया। इससे पहले दूसरे टाइब्रेकर में खराब ड्रॉप शॉट पर एक सेट अंक गंवाने के बाद सिनेर ने दमदार वापसी करते हुए पहले दौर में निकोलस जैरी को 7-6, 7-6, 6-1 से हराया। टूर्नामेंट से पहले 2024 के डोपिंग मामलों में सुर्खियों में रहे सिनेर की यह टूर पर और ग्रैंडस्लैम में हार्डकोर्ट पर लगातार 15वीं जीत है ।

शीर्ष रैंकिंग वाले सिनेर ने 35वीं रैंकिंग वाले चिली के जैरी के खिलाफ मिली जीत के बाद कहा,‘पहला सेट काफी करीबी था और कोई भी जीत सकता था । तीसरे सेट में मैने दबाव बनाया और खुश हूं कि कठिन हालात से निकलकर जीत दर्ज की।’ सिनेर ने यहां पिछले साल फाइनल में दानिल मेदवेदेव को हराकर पहला ग्रैंडस्लैम जीता था, जबकि सेमीफाइनल में 10 बार के चैम्पियन नोवाक जोकोविच को मात दी थी।

महिला वर्ग में पोलैंड की स्वियातेक ने कैटरीना सिनियाकोवा को 6-3, 6-4 से हराया। अमेरिका की गाफ ने 2020 की चैम्पियन सोफिया केनिन को सीधे सेटों में 6 . 3, 6 . 3 से हराकर अपने अभियान की शुरूआत की। गाफ ने नवंबर में डब्ल्यूटीए फाइनल्स जीता था और पिछले सप्ताह युनाइटेड कप जीतकर अपनी तैयारियां पुख्ता की। अमेरिका के ही 20 बरस के एलेक्स मिचेलसेन ने 2023 आस्ट्रेलियाई ओपन उपविजेता स्टेफानोस सिटसिपास को पहले ही दौर में 7-5, 6-3, 2-6, 6-4 से हराकर उलटफेर कर दिया। गाफ का सामना अब ब्रिटेन की जोडी बराज से होगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article