स्पोर्ट्स

Asain Games 2026: बॉक्सर अंकुश ने भारत के लिए मेडल किया पक्का, 80 किग्रा के सेमीफाइनल में पहुंचे

भारतीय बॉक्सर अंकुश पंघाल ने रविवार को आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में मेंस के 80 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलीमोव को हराकर देश के लिए एक मेडल पक्का कर लिया। अंकुश का सामना 29 सितंबर को सेमीफाइनल में मौजूदा 75 किग्रा वर्ल्ड चैंपियन, उज्बेकिस्तान के फजलिद्दीन एर्किनबोएव से होगा।

Image

बॉक्सर अंकुश ने सेमीफाइनल में बनाई जगह। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय बॉक्सर अंकुश पंघाल ने रविवार को आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में मेंस के 80 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलीमोव को हराकर देश के लिए एक मेडल पक्का कर लिया। अंकुश ने क्वार्टर फाइनल में नेक्रुज़ को सर्वसम्मत फैसले (unanimous decision) से 5-0 से हराया।

ताजिकिस्तान बॉक्सर के खिलाफ अंकुश की स्पीड और पंचिंग का लेवल बहुत ऊंचा था। पहले राउंड में नेक्रुज काउंटर-पंच और डिफेंस की कोशिश कर रहे थे, जबकि अंकुश अपने पंच, खासकर राइट हुक के साथ काफी आक्रामक थे। भारतीय बॉक्सर ने पहला राउंड 5-0 से जीता। अंकुश का सामना 29 सितंबर को सेमीफाइनल में मौजूदा 75 किग्रा वर्ल्ड चैंपियन, उज्बेकिस्तान के फजलिद्दीन एर्किनबोएव से होगा।

दूसरे राउंड में रहा रोमांचक खेल

दूसरे राउंड में भी अंकुश ने शानदार लेफ्ट हुक के साथ शुरुआत की और बहुत तेज रहे, जिससे नेक्रुज के शरीर पर कुछ अतिरिक्त प्रहार हुए। ताजिक बॉक्सर ने एक जबरदस्त अपरकट लगाया, लेकिन उन्हें कुछ मजबूत काउंटर-पंच का सामना करना पड़ा। अंकुश पूरे समय आक्रामक रहे और दूसरा राउंड भी 5-0 से जीता।

आखिरी राउंड में ताजिक बॉक्सर को संघर्ष करना पड़ा और आखिरी पलों में वह हताश हो गए। इसके बाद ज़बरदस्त मुकाबला हुआ और उन्होंने अंकुश को नॉकआउट करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय बॉक्सर ने अपना बचाव अच्छी तरह से किया। सलीमोव ने राउंड 4-1 से जीता, लेकिन अंकुश ने पहले दो राउंड में अपने दबदबे के दम पर सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला 5-0 से जीत लिया।

अन्य खेलों में भारत का हाल

इस बीच, टीम इंडिया का दूसरे खेलों में मिला-जुला प्रदर्शन रहा है। फेंसिंग में, भवानी देवी, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जानी रेक्सलिन सिमला और एस. श्रुति जोशी की भारतीय महिला सेबर टीम क्वार्टर फाइनल में उज़्बेकिस्तान से 45-35 से हार गई, जिससे एशियाई खेलों में भारत की फेंसिंग चुनौती खत्म हो गई।

भारतीय एथलीट मुरली श्रीशंकर और डेविड पट्टुराज सोलोमन मेंस की लॉन्ग जंप के फाइनल में पहुंच गए। श्रीशंकर ने ग्रुप B में 7.84 मीटर के बेस्ट प्रयास के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि डेविड सोलोमन ने ग्रुप A में 7.62 मीटर की बेस्ट जंप के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके अलावा, भारतीय एथलीटों ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स हीट्स से अच्छी खबर दी, जिसमें विथ्या रामराज और अनु राघवन दोनों ने इवेंट के फाइनल में जगह बनाई। वे दोनों अपनी-अपनी हीट्स में दूसरे स्थान पर रहीं। जहां विथ्या ने 55.73 का सीजन-बेस्ट समय निकाला। वहीं, अनु ने 55.84 मीटर का अपना पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन किया।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article