स्पोर्ट्स

आर्यन नेहरा ने तैराकी में तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, राष्ट्रमंडल खेलों का कटाया टिकट

तैराक आर्यन नेहरा ने गुरुवार को राष्ट्रीय एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में अपना ही सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय का रिकॉर्ड तोड़कर राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया

Image

आर्यन नेहरा

टाअहमदाबाद: तैराक आर्यन (Aryan Nehra) नेहरा ने गुरुवार को राष्ट्रीय एक्वाटिक्स चैंपियनशिप(National Aquatics Championships) में 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में अपना ही सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय का रिकॉर्ड तोड़कर राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया जबकि युवा धिनिधि देसिंगु ने भी एक नया रिकॉर्ड बनाया। नेहरा ने 15:14.88 का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और 2023 में हैदराबाद में बनाए गए अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय (15:29.76) में सुधार किया। हालांकि, इस प्रदर्शन के बावजूद गुजरात का यह तैराक एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग मानक 15:14.27 से बहुत कम अंतर से चूक गया।

धिनिधि ने बनाया महिलाओं की 100 मीटर फ्री स्टाइल में रिकॉर्ड

कर्नाटक के दर्शन एस (15:38.00) ने रजत पदक जीता जबकि दिल्ली के कुशाग्र रावत (15:41.66) ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं धिनिधि ने महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल में नया सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकालकर सफलता का सिलसिला जारी रखा। 16 साल की इस तैराक ने 56.57 सेकंड में रेस पूरी करके स्वर्ण पदक जीता और पिछले साल भुवनेश्वर में बनाए गए अपने ही 56.78 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय और नेशनल रिकॉर्ड में ये है अंतर

एमजे प्रवीण कुमार, धनुष सुरेश, बी. बेनेडिक्टन रोहित और आदित्य दिनेश की तमिलनाडु की टीम ने 3:44.74 के मीट-रिकॉर्ड समय के साथ पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले जीती। तैराकी में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तभी दर्ज किया जाता है जब यह राष्ट्रीय एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में बनाए जाएं। हालांकि सभी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दर्ज किए गए बेहतरीन समय को ’सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ के तौर पर वर्गीकृत किया जाता है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article