पीवी सिंधू ने जीता स्विस ओपन का महिला एकल खिताब, फाइनल में थाई खिलाड़ी को दी मात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 27, 2022, 06:32 PM IST

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने स्विस ओपन बैडमिंटन का महिला एकल का खिताब पहली बार अपने नाम कर लिया। 

पीवी सिंधू ने जीता स्विस ओपन का महिला एकल खिताब, फाइनल में थाई खिलाड़ी को दी मात

बासेल: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया। खिताबी मुकाबले में उन्होंने थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरंगफान को हराया। विश्व रैंकिग में सातवें पायदान पर काबिज सिंधू ने थाईलैंड की बुसानन को लगातार गेम में 21-16, 21-8 से मात दी और पहली बार स्विस ओपन सुपर 300 खिताब पर कब्जा किया। 

साल 2022 में यह सिंधू की दूसरी खिताबी जीत है। जनवरी में उन्होंने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल का खिताब अपने नाम किया था। बासेल सिंधू के लिए लकी रहा है। साल 2019 में उन्होंने यहीं पर वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब जीता था।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने 49 मिनट तक चले मुकाबले में ओंगबामरुंगफान को कोई मौका नहीं दिया। थाई खिलाड़ी ने पहले गेम में सिंधू को चुनौती देने की कोशिश की। एक वक्त मुकाबला 13-13 प्वाइंट्स की बराबरी पर था। लेकिन इसके बाद सिंधू ने दमदार खेल दिखाते हुए पहले स्कोर को 18-16 किया और फिर 21-16 के अंतर से पहला गेम अपने नाम कर लिया। 

दूसरा गेम पहले गेम के बिलकुल उलट था। इसमें सिंधू का दबदबा दिखा। उन्होंने 11-2 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। बुसानन ने इसके बाद वापसी की कोशिश की और दम लगाती दिखीं लेकिन सिंधु ने आसानी से दूसरे गेम के साथ-साथ खिताब अपने नाम कर लिया।

End of Article