कोरोना की चपेट में इंडिया ओपन 2022, किदांबी श्रीकांत समेत 7 खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से नाम लिया वापस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 13, 2022, 11:40 AM IST

Seven players withdrawn from India Open 2022: इंडिया ओपन 2022 कोरोना की चपेट में आ गया है। सात खिलाड़ियों ने पॉजिटिव पाए जाने के बाद टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया।

कोरोना की चपेट में इंडिया ओपन 2022, किदांबी श्रीकांत समेत 7 खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से नाम लिया वापस

नई दिल्ली: इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है जब विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत समेत सात भारतीय खिलाड़ियों ने पॉजिटिव पाये जाने के बाद नाम वापिस ले लिया। विश्व बैडमिंटन महासंघ ने तड़के इसकी घोषणा की जिसके बाद भारतीय बैडमिंटन महासंघ ने नामाों का खुलासा किया। श्रीकांत के अलावा अश्विनी पोनप्पा, रितिका राहुल ठकार, त्रिशा जॉली, मिथुन मंजूनाथ, सिमरन अमन सिंह और खुशी गुप्ता भी संक्रमित पाये गए हैं।

बीडब्ल्यूएफ ने एक बयान में कहा, 'ये खिलाड़ी बृहस्पतिवार को हुए अनिवार्य आरटी पीसीआर टेस्ट में दोषी पाये गए। इनके युगल जोड़ीदारों ने भी करीबी संपर्क में रहने के कारण नाम वापिस ले लिया।' इसमें कहा गया, 'इनकी जगह दूसरे खिलाड़ियों को मुख्य ड्रॉ में शामिल नहीं किया जायेगा । इनके विरोधियों को अगले दौर में वॉकओवर मिलेगा।' एन सिक्की रेड्डी, ध्रुव कपिला, गायत्री गोपीचंद, अक्षन शेट्टी और काव्या गुप्ता को भी टूर्नामेंट से नाम वापिस लेना पड़ा हालांकि वे पॉजिटिव नहीं थे लेकिन करीबी संपर्क में थे।

सिक्की महिला युगल में अश्विनी की जोड़ीदार है जबकि ध्रुव मिश्रित युगल में सिक्की के साथ खेलते हैं ।अक्षन और सिमरन मिश्रित युगल जोड़ीदार हैं लबकि काव्या और खुशी महिला युगल जोड़ीदार हैं। इससे पहले 2019 विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता बी साइ प्रणीत, युगल विशेषज्ञ मनु अत्री और ध्रुव रावत ने दिल्ली रवाना होने से पहले संक्रमित होने के कारण नाम वापिस ले लिया था। इंग्लैंड के पूरे दल ने युगल विशेषज्ञ सीन वेंडी और कोच नाथन राबर्टसन के पॉजिटिव पाये जाने के बाद नाम वापिस ले लिया था। 

भारतीय बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित 2022 इंडिया ओपन इंदिरा गांधी स्टेडियम में दर्शकों के बिना केडी जाधव इंडोर हॉल में खेला जा रहा है। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत सभी प्रतियोगी खिलाड़ियों की रोज जांच हो रही है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू, विश्व चैम्पियनशिन रजत और कांस्य पदक विजेता किदाम्बी श्रीकांत और लक्ष्य सेन, लंदन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल दूसरे दौर तक पहुंचे थे। दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 27561 नये मामले सामने आये हैं और 40 लोगों की मौत हुई है।

End of Article