French Open 2020: लाल बजरी पर राफेल नडाल की बादशाहत बरकरार, 13वीं बार जीता खिताब 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 11, 2020, 09:55 PM IST

राफेल नडाल ने रविवार को नोवाक जोकोविच को मात देकर फ्रेेंच ओपन 2020 के पुरुष एकल खिताब पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

French Open 2020: लाल बजरी पर राफेल नडाल की बादशाहत बरकरार, 13वीं बार जीता खिताब 
Photo Credit: AP

पेरिस: लाल बजरी के बादशाह कहे जाने वाले स्पेनिश टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड 13वीं बार फ्रेंच ओपन का पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में नडाल ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-2, 7-5 से मात दी। 2 घंटे 41 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में जोकोविच के पास नडाल के शानदार खेल का कोई जवाब नहीं था। 

फ्रेंच ओपन 2020 का खिताब अपने नाम करते ही नडाल ने सबसे ज्यादा 20 ग्रैंड स्लैम जीतने के रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। नडाल ने साल 2005 में पहली बार फ्रेंच ओपन के रूप में पहला ग्रैंड स्लैम अपने नाम किया था। 2005 से 2020 के बीच नडाल 2009 और 2015, 2016 में फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम नहीं कर सके। नडाल 14वीं बार फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचे थे और 13वीं बार खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में नडाल की जीत फ्रेंच ओपन में उनकी 100वीं जीत थी। यहां खेले 102 मैच में नडाल को केवल 2 बार हार का सामना करना पड़ा है। 


जीता 20वां ग्रैंड स्लैम खिताब
नडाल ने 20 ग्रैड स्लैम खिताब में 13 फ्रेंच ओपन, 4 यूएस ओपन, 2 विंबलडन और 1 ऑस्ट्रेलियन ओपन शामिल है। वो भी चारों गैंड स्लैम जीतने वाले दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। फेडरर ने अपने करियर में 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते जिसमें 8 विबंलडन, 6 ऑस्ट्रेलियन ओपन, 5 यूएस ओपन और 1 फ्रेंच ओपन खिताब शामिल है। फेडरर ने साल 2009 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में नडाल और फेडरर के बाद नोवाक जोकोविच हैं उन्होंने 17 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। 

End of Article