देश

PM मोदी के जन्मदिन पर बांग्लादेश से आया खास संदेश, तारिक रहमान ने दी बधाई; प्रधानमंत्री ने भी दिया जवाब

पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान समेत इटली, इजरायल और रूस के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। तारिक रहमान की बधाई पर पीएम मोदी ने भी उनका आभार जताया। वहीं, बीजेपी ने पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया है।

Image

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें दुनियाभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य और ऊंचे मनोबल की कामना की। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से फेसबुक पर साझा किए गए संदेश में तारिक रहमान ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों की सेवा के लिए समर्पित पीएम मोदी के साथ हमेशा अच्छा स्वास्थ्य और ऊंचा मनोबल बना रहे।

पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दिया जवाब

तारिक रहमान की शुभकामनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि वह उनकी शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों की सराहना करते हैं। पीएम मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। 17 सितंबर 2026 को उन्होंने अपना 76वां जन्मदिन मनाया।

कई देशों के नेताओं ने दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बांग्लादेश के अलावा कई देशों के नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी को स्वास्थ्य, ऊर्जा और सफलता की शुभकामनाएं दीं और भारत-इटली के बीच दोस्ती के रिश्ते को मजबूत करने की बात कही।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और भारत-इजरायल संबंधों को लेकर संदेश दिया। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी पीएम मोदी को शुभकामनाएं देते हुए भारत-रूस के विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनके योगदान का उल्लेख किया।

बीजेपी ने शुरू किया 'सेवा संकल्प अभियान'

पीएम मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी ने 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत देशभर में सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने भी जन्मदिन पर मिली शुभकामनाओं के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें देश की सेवा करने के लिए नई ताकत देता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!