एजुकेशन

Rajasthan SI Re Exam: 11 जिलों के 666 केंद्रों पर 2.18 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 60 मिनट पहले बंद होंगे गेट

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 20 सितंबर 2026 को प्रदेश के 11 जिलों में उप-निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 का आयोजन किया जा रहा है।

Image

20 सितंबर 2026 को राजस्थान पुलिस पुन: परीक्षा का आयोजन

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 20 सितंबर 2026 को प्रदेश के 11 जिलों में उप-निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 15 सितंबर 2026 को आरपीएससी अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दो घंटे से अधिक चली इस बैठक दौरान सुरक्षा प्रबंधों की व्यापक समीक्षा की गई।

राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या डमी अभ्यर्थी बैठाने के प्रयास को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बायोमेट्रिक जांच और फेस रिकग्निशन से फर्जीवाड़े की संभावनाएं पूरी तरह से खत्म होंगी। किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर 'राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022' के तहत त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र

आयोग द्वारा इस परीक्षा के लिए प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें कुल 2 लाख 18 हजार 131 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए अजमेर में 74, अलवर में 48, भरतपुर में 58, बीकानेर में 47, हनुमानगढ़ में 23, जयपुर में सर्वाधिक 187, जोधपुर में 81, कोटा में 58, श्रीगंगानगर में 10, टोंक में 16 और उदयपुर में 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन दो पारियों में किया जाएगा। प्रथम पारी में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सामान्य हिंदी का पेपर होगा, जबकि द्वितीय पारी में दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान की परीक्षा ली जाएगी।

ओएमआर शीट में 5वां विकल्प भरना होगा अनिवार्य

वर्तमान नियमानुसार, इस बार अभ्यर्थियों के लिए ओएमआर शीट में पांचवां विकल्प (अनुत्तरित प्रश्न) भरना अनिवार्य कर दिया गया है। यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे यह पांचवां गोला आवश्यक रूप से भरना होगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। आयोग द्वारा इस संबंध में अपनी वेबसाइट पर शुद्धि पत्र भी जारी किया जा चुका है।

60 मिनट पहले बंद होंगे प्रवेश द्वार

परीक्षा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

डमी अभ्यर्थियों पर नकेल और सघन बायोमेट्रिक जांच

परीक्षा में किसी भी प्रकार की जालसाजी, नकल या डमी अभ्यर्थी को रोकने के लिए थंब इंप्रेशन और फेस रिकॉगनीशन का उपयोग करते हुए सघन बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण लागू किया गया है। प्रवेश के दौरान एचएचएमडी और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी। इसके अतिरिक्त मेटा ग्लासेस एवं ब्लूटूथ डिवाइसेज़ जैसे हाईटेक उपकरणों की रोकथाम के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article