CWG 2022: भारत की पुरुष लॉन बॉल्स टीम गोल्ड से चूकी, उत्तरी आयरलैंड ने जीता फाइनल मुकाबला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2022, 08:18 PM IST

Indian men lawn balls team in Commonwealth Games 2022: भारत की पुरुष लॉन बॉल्स टीम शनिवार को गोल्ड मेडल जीतने से चूक गई। उत्तरी आयरलैंड ने फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की।

CWG 2022: भारत की पुरुष लॉन बॉल्स टीम गोल्ड से चूकी, उत्तरी आयरलैंड ने जीता फाइनल मुकाबला
Photo Credit: Twitter

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय खिलाड़ी लगातार मेडल की संख्या में इजाफा कर रहे हैं। भारत ने शनिवार को एक और मेडल जीत लिया है। भारत की पुरुष लॉन बॉल्स टीम ने सिल्वर पर कब्जा किया है। भारतीय पुरुष फोर टीम को लॉन बॉल्स स्पर्धा के फाइनल में उत्तरी आयरलैंड के हाथों हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उत्तरी आयरलैंड ने 18-5 के स्कोर से स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले, उत्तरी आयरलैंड ने लॉन बॉल्स में अंतिम स्वर्ण पदक 1998 राष्ट्रमंडल खेलों में जीता था।

भारतीय टीम में सुनील बहादुर (लीड), नवनीत सिंह (सेंकेड), चंदन कुमार सिंह (थर्ड) और दिनेश कुमार (स्किप) शामिल थे। भारत की चौकड़ी ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय टीम ने से मेजबान इंग्लैंड को करीबी मुकाबले में 13-12 से मात दे थी। बता दें कि भारत की महिला लॉन बॉल्स टीम ने मंगलवार को इस स्पर्धा का ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता था। भारत की लवली चौबे (लीड), पिंकी (सेकंड), नयनमोनी सैकिया (थर्ड) और रूपा रानी टिर्की (स्लिप) की चौकड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 17-10 से हराया था।

भारत के खाते में 29वां मेडल

भारत इस वक्त कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की पदक तालिका में पांचवें स्थान पर है। पुरुष लॉन बॉल्स टीम भारत ने भारत के खाते में 29वां मेडल डाला है। भारत ने अब तक 9 गोल्ड, 11 सिल्वर और 9 ही ब्रॉन्ज हासिल किए हैं। भारत ने अभी तक सर्वाधिक पदक वेटलिफ्टिंग में जीते हैं। भारत ने वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में 10 मेडल अपनी झोली में डाले, जिसमें तीन गोल्ड, तीन सिल्वर और चार ब्रॉन्ज शामिल हैं। गौरतलब है कि पदक तालिका में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसके खाते में 145 से ज्यादा मेडल हैं। इंग्लैंड 135 से अधिक मेडल जीतकर दूसरे पायदान पर काबिज है।

End of Article