Women's Day 2020: 104 साल की धाविका को मिलेगा नारी शक्ति सम्मान, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देंगे पुरस्कार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 7, 2020, 05:45 PM IST

Man Kaur to get Nari Shakti Puraskar: 104 साल की धाविका मन कौर को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के तहत दो लाख रुपए का मानदेय और प्रमाणपत्र दिया जाता है।

Women's Day 2020: 104 साल की धाविका को मिलेगा नारी शक्ति सम्मान, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देंगे पुरस्कार

चंडीगढ़: महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए 104 साल की धाविका मन कौर को आठ मार्च को नारी शक्ति पुरस्कार 2019 से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के लिए इसे देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है। कौर के 82 वर्षीय पुत्र गुरदेव सिंह ने शनिवार को पीटीआई से कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।

मन कौर को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से इस संबंध में पत्र मिला है। इसमें लिखा गया है, 'आपको यह सूचित करते हुए खुशी हो रही है कि आपको महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार 2019 के लिए चुना गया है। पुरस्कार के तहत दो लाख रुपए का मानदेय और प्रमाणपत्र दिया जाता है।' इसके अनुसार, 'माननीय राष्ट्रपति आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।' 

कौर 104 साल की हैं। उन्होंने 2007 में चंडीगढ़ मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में अपना पहला पदक जीता था। वह 2017 में आकलैंड में विश्व मास्टर्स खेलों में 100 मीटर की दौड़ जीतकर सुर्खियों में आयी थी। उनके नाम पर कई रिकार्ड दर्ज है। उन्होंने पोलैंड में विश्व मास्टर्स एथलेटिक्स में ट्रैक एवं फील्ड में चार स्वर्ण पदक जीते थे।

End of Article