स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स में भारत को 20वां गोल्ड, रेसलिंग में अमन ने जीता स्वर्ण पदक

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना 20वां गोल्ड मेडल जीत लिया। यह मेडल रेसलिंग में आया जहां अमन सहरावत ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में कोरियाई प्रतिद्वंद्वी चोंग सोंग को 11-7 से हराया।

Image

अमन सहरावत (साभार-X/AI)

भारत के युवा रेसलर अमन सेहरावत ने एशियन गेम्स में भारत को 20वां गोल्ड मेडल दिला दिया है। अमन ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में कोरियाई प्रतिद्वंद्वी चोंग सोंग को 11-7 से हराया। मुकाबले की शुरुआत अमन ने शानदार अंदाज में किया और विरोधी के खिलाफ 4-1 की बढ़त बनाई, लेकिन कोरियाई पहलवान ने वापसी की एक वक्त 7-6 से वह आगे चल रहे थे। लेकिन अमन ने आखिरी मिनट तक लड़ाई जारी रखी और 11-7 से गोल्ड पर कब्जा जमाया। जीत के बाद उन्होंने अपने स्टाइल से इसका सेलिब्रेशन किया। अमन ने तिरंगे को अपने कंधे पर लपेटा और मैट के चारों ओर दौड़कर इसका जश्न मनाया। एशियन गेम्स में यह अमन का दूसरा मेडल है। 2023 में अमन ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। सेमीफाइनल में अमन ने ताजिकिस्तान के ऐयाल बेलोल्यूब्स्की को 14-8 से हराया था।

भारत का 20वां गोल्ड मेडल

यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का 20वां और रेसलिंग में दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले सुजीत ने 65 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में भारत को गोल्ड दिलाया था। ओवरऑल रेसलिंग की बात करें तो यह भारत का चौथा मेडल है। दो गोल्ड के अलावा भारत ने एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अब तक भारत ने एशियन गेम्स 2026 में कुल 82 मेडल जीत लिए हैं। 82 में से 20 भारत के गोल्ड, 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।

रेसलिंग में जीते 6 पदक

भारत ने कुश्ती प्रतियोगिता में छह पदकों (दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य) के साथ अपना अभियान समाप्त किया। यह 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में शीर्ष स्थान से चूकने के बाद भारत के इस प्रतियोगिता में सबसे शानदार प्रदर्शनों में से एक रहा। भारत ने एशियाई खेलों में कुश्ती के दो स्वर्ण पदक 2018 के जकार्ता खेलों के बाद पहली बार जीते हैं। जकार्ता में बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article