अध्यात्म

वरुण वक्री 2026: 7 जुलाई से बदलेगी वरुण ग्रह की चाल, इन 4 राशियों पर पड़ सकता है सबसे ज्यादा असर

Varun Vakri 2026: 7 जुलाई को वरुण ग्रह वक्री होने जा रहे हैं। इस अवस्था में वह 159 दिनों तक रहेंगे। जानें वरुण के व्रक्री होने का सबसे ज्यादा प्रभाव किन राशियों पर पड़ेगा और आप इस दौरान क्या करें।

Image

जुलाई में कब से वक्री होंगे वरुण ग्रह, किन राशियों पर होगा असर

Varun Vakri 2026: साल 2026 में वरुण ग्रह (Neptune) 7 जुलाई, मंगलवार को शाम 4:22 बजे वक्री हो जाएंगे। इसके बाद करीब 159 दिनों तक वक्री रहने के बाद वरुण ग्रह 13 दिसंबर, रविवार को सुबह 3:44 बजे फिर से मार्गी हो जाएंगे।

वक्री होने का अर्थ ग्रह की उल्टी चाल से लिया जाता है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि ग्रह सचमुच उल्टी दिशा में चलने लगता है। पृथ्वी और दूसरे ग्रहों की गति के कारण ऐसा दिखाई देता है, जिसे वक्री चाल कहा जाता है। यह स्थिति ज्योतिष में महत्वपूर्ण स्थान रखती है।

वरुण वक्री होने का क्या मतलब होता है

वरुण ग्रह वक्री होने से पहले धीरे-धीरे अपनी गति कम करता है। फिर कुछ समय के लिए लगभग स्थिर दिखाई देता है और इसके बाद वक्री चाल शुरू होती है। इसी तरह जब यह दोबारा मार्गी होता है, तब भी पहले इसकी चाल धीमी होती है और फिर सामान्य गति पकड़ लेता है।

ज्योतिष में वरुण ग्रह को कल्पनाशक्ति, आध्यात्म, अंतर्ज्ञान, रहस्य और भ्रम का कारक माना जाता है। इसलिए इसकी वक्री चाल का असर व्यक्ति की सोच, भावनाओं और फैसलों पर पड़ सकता है। इस दौरान कई लोग अपने रिश्तों, करियर और जीवन के लक्ष्यों पर दोबारा विचार करते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: साल 2026 का आखिरी चंद्र ग्रहण कब लगेगा

वरुण ग्रह के वक्री होने का किन राशियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

मीन राशि

ज्योतिषाचार्य सुजीत महाराज के अनुसार, आधुनिक ज्योतिष में वरुण ग्रह को मीन राशि का स्वामी माना जाता है। इसलिए इस राशि के लोगों पर इसका असर सबसे ज्यादा माना जाता है। करियर, रिश्तों और भविष्य को लेकर सोच बदल सकती है। आध्यात्म में रुचि बढ़ सकती है। बड़े फैसले लेने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करना बेहतर रहेगा।

मेष राशि

सुजीत महाराज का कहना है कि वरुण के वक्री होने से मेष राशि वालों के सामने पुराने अधूरे काम या लंबे समय से रुके हुए मामले फिर आ सकते हैं। इस पीरियड में मेष राशि के लोग मानसिक तनाव से बचने के लिए धैर्य रखें और किसी भी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें।

कन्या राशि

सुजीत महाराज की सलाह है कि वरुण ग्रह के दोबारा मार्गी होने तक कन्या राशि के लोगों को रिश्तों और पैसों से जुड़े मामलों में थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत रहेगी। ये लोग बिना पूरी जानकारी के किसी भी बात पर भरोसा करने से बचें। साफ और खुलकर बातचीत करने से कई गलतफहमियां दूर हो सकती हैं।

धनु राशि

सुजीत महाराज का धनु राशि वालों के लिए कहना है कि वरुण के व्रकी समय के दौरान इनका ध्यान घर-परिवार और निजी जिम्मेदारियों पर ज्यादा रह सकता है। इसलिए इन लोगों को भावनाओं में बहकर फैसला लेने की बजाय व्यावहारिक सोच अपनाना बेहतर रहेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर में अचानक बढ़ गए कॉकरोच शुभ या अशुभ संकेत

वरुण वक्री 2026 का समय किन लोगों के लिए अच्छा रहेगा

सुजीत महाराज बताते हैं कि अगर आप लेखन, संगीत, कला, रिसर्च, योग, ध्यान या आध्यात्म से जुड़े हैं तो यह समय आपके लिए सकारात्मक साबित हो सकता है। कई लोगों को इस दौरान नई प्रेरणा मिलती है और जीवन की दिशा भी पहले से ज्यादा साफ नजर आने लगती है।

वरुण के वक्री हुए समय के दौरान क्या करें

  • ध्यान और मेडिटेशन के लिए रोज थोड़ा समय निकालें।
  • बड़े आर्थिक फैसले सोच-समझकर लें।
  • अफवाहों या अधूरी जानकारी पर भरोसा करने से बचें।
  • मानसिक शांति और अच्छी नींद का ध्यान रखें।
  • खुद को समझने और आत्मचिंतन के लिए समय निकालें।

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार वरुण वक्री का समय बदलाव से ज्यादा खुद को समझने का समय माना जाता है। यह करीब 159 दिनों की ऐसी अवधि होगी, जब कई लोग अपने जीवन की दिशा, रिश्तों और प्राथमिकताओं पर नए सिरे से विचार कर सकते हैं।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article