अध्यात्म

छठ पूजा में सूर्य को अर्घ्य देते समय इन मंत्रों का करें जाप, जानिए छठी मइया और सूर्यदेव के मंत्र कौन से हैं

Chhath Puja 2026 Mantra: महापर्व छठ की शुरुआत 13 नवंबर दिन शुक्रवार को नहाय-खाय से हो गई है। छठ पूजा में कुछ मंत्रों का जाप करने से भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की कृपा प्राप्त होती है।

Image

छठ पूजा के मंत्र (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Chhath Puja 2026 Mantra: छठ महापर्व की शुरुआत आज, 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। छठ पूजा में सूर्य देव को शाम और सुबह दोनों समय अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। इस दौरान व्रत रखने वाली महिलाएं परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करती हैं।

छठ पूजा में सूर्य देव को अर्घ्य देते समय कुछ खास मंत्रों का जाप किया जाता है। इनमें सूर्य अर्घ्य मंत्र, सूर्य गायत्री मंत्र और सूर्य के 12 नामों का जाप प्रमुख रूप से किया जाता है। वहीं, छठी मैया की कृपा पाने के लिए षष्ठी देवी के मंत्रों का जाप भी करना आवश्यक माना गया है। हालांकि अगर आप सारे मंत्रों को नहीं बोल पा रही हैं तो सिर्फ सूर्य को अर्घ्य देते समय 'ॐ एहि सूर्य सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते' मंत्र का उच्चारण कर सकती हैं। आइए जानते हैं छठ पूजा के चारों दिनों में कौन से मंत्रों का जाप करना चाहिए और सूर्य देव को अर्घ्य देते समय किस मंत्र का जाप करें व छठी मैया की पूजा कैसे करें।

किस-किस दिन होगी छठ पूजा

इस साल छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर 2026 तक चलेगा। चार दिनों में सूर्य देव और छठी मैया की अलग-अलग विधि से पूजा की जाती है।

  • 13 नवंबर 2026, शुक्रवार: नहाय-खाय
  • 14 नवंबर 2026, शनिवार: खरना
  • 15 नवंबर 2026, रविवार: संध्या अर्घ्य
  • 16 नवंबर 2026, सोमवार: उषा अर्घ्य और पारण

नहाय-खाय के दिन स्नान करके सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। खरना के दिन दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाया जाता है। तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है।

छठ पूजा में सूर्य देव को अर्घ्य देते समय कौन सा मंत्र बोलें

छठ पूजा में सूर्य देव को अर्घ्य देना सबसे महत्वपूर्ण पूजा है। तीसरे दिन शाम को डूबते सूर्य और चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस समय तांबे के लोटे में जल लेकर सूर्य देव को अर्पित करें और इस मंत्र का जाप करें।

सूर्य अर्घ्य मंत्र

ॐ एहि सूर्य सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते।

अनुकम्पय मां भक्त्या गृहाणार्घ्यं दिवाकर॥

इस मंत्र का अर्थ है कि हे हजारों किरणों वाले सूर्य देव, आप पूरे जगत को प्रकाश देने वाले हैं। मुझ भक्त पर कृपा करें और श्रद्धा से दिया गया यह अर्घ्य स्वीकार करें। भविष्य पुराण के ब्राह्मपर्व के 143वें अध्याय में भी इसका एक पाठ मिलता है।

कैसे करें जाप: सूर्य देव के सामने जल से भरा लोटा लेकर खड़े हों। दोनों हाथों से धीरे-धीरे जल अर्पित करें और इस मंत्र का उच्चारण करें। अपनी श्रद्धा के अनुसार मंत्र को तीन या अधिक बार बोल सकते हैं।

सूर्य गायत्री मंत्र

छठ पूजा में भगवान सूर्य की उपासना करते समय गायत्री मंत्र का जाप भी कर सकते हैं। सूर्य गायत्री मंत्र के जाप से परिवार में खुशहाली आती है और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान होता है

ॐ भास्कराय विद्महे महातेजाय धीमहि।

तन्नो सूर्यः प्रचोदयात्॥

छठ पूजा के दौरान सुबह और शाम अर्घ्य देते समय इस मंत्र का जाप कर सकते हैं।

वैदिक गायत्री मंत्र

सूर्य देव को सविता स्वरूप में याद करते हुए ऋग्वेद का प्रसिद्ध गायत्री मंत्र भी पढ़ सकते हैं।

ॐ भूर्भुवः स्वः। तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि। धियो यो नः प्रचोदयात्॥

यह मंत्र सूर्य के सविता स्वरूप की उपासना से जुड़ा है। पूजा के दौरान इसका जाप 11, 21 या 108 बार कर सकते हैं।

सूर्य देव के 12 नामों के मंत्र

छठ पूजा में सूर्य देव के 12 नामों का जाप करना भी अच्छा माना जाता है। सूर्य के इन नामों को द्वादश नामावली कहा जाता है। आप अर्घ्य देने से पहले या पूजा के दौरान इनका जाप कर सकते हैं।

सूर्य देव के 12 नाम

  1. ॐ मित्राय नमः।
  2. ॐ रवये नमः।
  3. ॐ सूर्याय नमः।
  4. ॐ भानवे नमः।
  5. ॐ खगाय नमः।
  6. ॐ पूष्णे नमः।
  7. ॐ हिरण्यगर्भाय नमः।
  8. ॐ मरीचये नमः।
  9. ॐ आदित्याय नमः।
  10. ॐ सवित्रे नमः।
  11. ॐ अर्काय नमः।
  12. ॐ भास्कराय नमः।

इन 12 नामों का जाप करते समय भगवान सूर्य का ध्यान करें। पूजा के दौरान प्रत्येक नाम का एक बार या अपनी श्रद्धा के अनुसार अधिक बार जाप कर सकते हैं।

सूर्य देव के सरल मंत्र

अगर आपको लंबे मंत्रों का उच्चारण करने में परेशानी होती है तो सूर्य देव के सरल मंत्रों का जाप करें। इन मंत्रों को आप नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक छठ पूजा के चारों दिनों में बोल सकते हैं।

सरल सूर्य मंत्र

ॐ सूर्याय नमः॥

ॐ आदित्याय नमः॥

ॐ भास्कराय नमः॥

ॐ मित्राय नमः॥

ॐ रवये नमः॥

ॐ भानवे नमः॥

ॐ खगाय नमः॥

ॐ घृणि सूर्याय नमः॥

इनमें से किसी एक मंत्र को चुनकर नियमित जाप करें। सुबह स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करते समय भी इनका उच्चारण कर सकते हैं।

मनोकामना पूर्ति के लिए सूर्य देव का विशेष मंत्र

छठ पूजा के दौरान परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ति के लिए सूर्य देव से प्रार्थना करें। इस दौरान इस मंत्र का जाप भी कर सकते हैं।

विशेष सूर्य मंत्र

ॐ ह्रीं ह्रीं सूर्याय सहस्रकिरणाय मनोवांछितं फलं देहि देहि स्वाहा॥

इस मंत्र के जरिए सूर्य देव से मनोकामना पूरी करने और परिवार में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की जाती है।

छठी मैया की पूजा का मंत्र

छठ महापर्व में सूर्य देव के साथ छठी मैया की पूजा का भी विशेष महत्व है। छठी मैया को देवी षष्ठी के रूप में पूजा जाता है। संतान की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा के लिए छठी मैया से प्रार्थना की जाती है।

छठी मैया का मंत्र

ॐ ह्रीं षष्ठीदेव्यै नमः॥

इसके अलावा इस सरल मंत्र का भी जाप कर सकते हैं।

ॐ षष्ठीदेव्यै नमः॥

छठी मैया का दूसरा मंत्र

ॐ ह्रीं षष्ठीदेव्यै स्वाहा॥

खरना के दिन प्रसाद अर्पित करते समय, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दौरान छठी मैया का ध्यान करके इन मंत्रों का जाप करें।

सूर्य देव का प्रणाम मंत्र

भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उनसे अपनी मनोकामना पूरी करने की प्रार्थना करें। इसके लिए इस प्रणाम मंत्र का जाप करें।

सूर्य प्रणाम मंत्र

आदिदेव नमस्तुभ्यं प्रसीद मम भास्कर।

दिवाकर नमस्तुभ्यं प्रभाकर नमोऽस्तुते॥

अर्घ्य अर्पित करने के बाद हाथ जोड़कर इस मंत्र का उच्चारण करें। अंत में 'अर्घ्यं समर्पयामि' बोलकर सूर्य देव को प्रणाम करें।

छठ पूजा के चारों दिनों में किस मंत्र का जाप करें

पहला दिन: नहाय-खाय (13 नवंबर)

आज छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय से हुई है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर और रसोई की सफाई करते हैं। इसके बाद लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। भोजन में सेंधा नमक और शुद्ध घी का इस्तेमाल करें। आज सूर्य देव को जल अर्पित करते समय 'ॐ सूर्याय नमः' और 'ॐ आदित्याय नमः' मंत्र का जाप करें। साथ ही छठी मैया का स्मरण करते हुए 'ॐ षष्ठीदेव्यै नमः' बोलें।

दूसरा दिन: खरना (14 नवंबर)

खरना के दिन व्रती सुबह से उपवास रखते हैं और शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा करते हैं। इस दिन गुड़ और चावल की खीर तथा रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। सबसे पहले छठी मैया को भोग लगाएं और फिर प्रसाद ग्रहण करें। खरना की पूजा में 'ॐ ह्रीं षष्ठीदेव्यै नमः' और 'ॐ घृणि सूर्याय नमः' मंत्र का जाप करें। खरना के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। अपनी सेहत और क्षमता को ध्यान में रखते हुए व्रत करें।

तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य (15 नवंबर)

छठ पूजा का तीसरा दिन सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दिन व्रती परिवार के साथ घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और दूसरे प्रसाद सजाए जाते हैं। सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य दें। इस दौरान 'ॐ एहि सूर्य सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते। अनुकम्पय मां भक्त्या गृहाणार्घ्यं दिवाकर॥' मंत्र का जाप करें। इसके बाद सूर्य गायत्री मंत्र और छठी मैया के मंत्र का जाप करें। इस दिन परिवार की खुशहाली और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करें।

चौथा दिन: उषा अर्घ्य और पारण (16 नवंबर)

छठ पूजा के अंतिम दिन सुबह सूर्योदय से पहले घाट पर पहुंचें। उगते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित करें। इस दौरान सूर्य अर्घ्य मंत्र, सूर्य गायत्री मंत्र और सूर्य के 12 नामों का जाप करें। इसके बाद छठी मैया से परिवार की सुख-शांति और संतान की खुशहाली की प्रार्थना करें। पूजा पूरी होने के बाद व्रत का पारण करें और परिवार के सदस्यों में प्रसाद बांटें।

छठ पूजा में मंत्र जाप करते समय इन बातों का रखें ध्यान

छठ पूजा में मंत्रों का जाप करते समय साफ-सफाई और पूजा की शुद्धता पर ध्यान दें। अर्घ्य देते समय जल्दबाजी न करें और सूर्य देव का ध्यान करते हुए मंत्रों का स्पष्ट उच्चारण करें। सूर्य और छठी मैया के मंत्रों के साथ पारंपरिक छठ गीत भी गाएं। छठ पूजा में लोकगीतों का विशेष स्थान है। आप अपनी श्रद्धा के अनुसार 11, 21 या 108 बार मंत्र जाप कर सकते हैं। अगर लंबे मंत्रों का उच्चारण नहीं कर पा रहे हैं तो 'ॐ सूर्याय नमः' और 'ॐ षष्ठीदेव्यै नमः' जैसे सरल मंत्रों का जाप करें।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article