Hariyali Teej 2026 Today: हिंदू धर्म में हरियाली तीज के पर्व का खास महत्व है, जो हर साल श्रावण (सावन) माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन देवों के देव महादेव और उनकी पत्नी माता पार्वती की पूजा की जाती है। निर्जला व्रत रखा जाता है और पौधारोपण किया जाता है। साथ ही महिलाएं इस दिन झूला झूलती हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, प्राचीन काल में इसी तिथि पर देवी पार्वती को शिव जी ने उनकी कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। इसलिए इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए पूजा करती हैं। हालांकि, बदलते दौर में कुंवारी महिलाएं भी योग्य पति के लिए हरियाली तीज का व्रत रख रही हैं। चलिए अब जानें हरियाली तीज की पूजा का शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और अन्य जरूरी बातों के बारे में।
हरियाली तीज 2026 की तिथि
- तृतीया तिथि का आरंभ- कल 14 अगस्त 2026 को शाम 06:46 बजे
- तृतीया तिथि का समापन- आज 15 अगस्त 2026 को शाम 05:28 बजे तक
आज तीज पर पूजा किस समय करें
- ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 04:24 से सुबह 05:07
- प्रातः सन्ध्या - सुबह 04:45 से सुबह 05:50
- अभिजित मुहूर्त- सुबह 11:59 से दोपहर 12:52
- विजय मुहूर्त- दोपहर 02:37 से दोपहर 03:30
- गोधूलि मुहूर्त- शाम 07:01 से शाम 07:22
- सायाह्न सन्ध्या- शाम 07:01 से रात 08:06
- अमृत काल- रात 08:18 से रात 09:53
- निशिता मुहूर्त- मध्य रात्रि 12:04 से मध्य रात्रि 12:47 (16 अगस्त)
हरियाली तीज की पूजा विधि क्या है
- सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि कार्य करने के बाद हरे रंग के वस्त्र धारण कर सोलह श्रृंगार करें।
- व्रत का संकल्प लेने के बाद पूजा स्थल पर बालू (रेत) से भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा बनाएं।
- देवी पार्वती को वस्त्र, फल, फूल, श्रृंगार का सामान, जल और मिठाई अर्पित करें।
- शिव जी को जल, चंदन, फल, फूल, बेलपत्र, भांग, मिठाई, धतूरा और भस्म अर्पित करें।
- पूजा सामग्री अर्पित करते समय मंत्र जाप करते रहें।
- घी का दीपक जलाने के बाद हरियाली तीज के व्रत की कथा पढ़ें।
- आरती करके पूजा का समापन करें।
हरियाली तीज पर कौन से मंत्रों का जाप करें
- ॐ नमः शिवाय
- ॐ पार्वत्यै नमः
- ऊं उमायै नमः
- ॐ ऐं ह्रीं क्लीं महागौर्ये नमः॥
- कात्यायिनी महामाये महायोगिनीधीश्वरी। नंद-गोपसुतं देवी पतिं में कुरु ते नमः॥
- हे गौरी शंकरार्धांगी यथा त्वं शंकर प्रिया। तथा मां कुरु कल्याणी कान्त कान्तां सुदुर्लभाम्॥
हरियाली तीज का व्रत किस समय खोलना ठीक रहेगा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरियाली तीज का व्रत आज तृतीया तिथि के समाप्त होने के बाद या कल सूर्योदय के बाद खोला जा सकता है। आज 15 अगस्त 2026 को तृतीया तिथि शाम में 5 बजकर 28 मिनट पर समाप्त हो जाएगी। वहीं, कल 16 अगस्त 2026 को सूर्योदय सुबह 05 बजकर 51 मिनट पर होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा? जानें
