अध्यात्म

देवउठनी एकादशी पर क्या करें क्या नहीं, क्या बाल धो सकते हैं, क्या दिन में सो सकते है, नाखून काटना और शेव करना वर्जित है क्या

Dev Uthani Ekadashi Rules: आज 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी का त्योहार मनाया जा रहा है। जानें देवउठनी ग्यारस के दिन क्या काम करने चाहिए और क्या नहीं? क्या आज बाल धो सकते हैं, क्या दिन में सो सकते है, नाखून काटना और शेव करना वर्जित है क्या।

Image

देवउठनी एकादशी पर क्या करें और क्या नहीं? (Photo - AI)

Dev Uthani Ekadashi Rules: देवउठनी एकादशी का सभी एकादशियों में खास स्थान है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह, गृह प्रवेश समेत मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन भक्त भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत रखते हैं। लेकिन एकादशी के दिन पूजा-पाठ और व्रत के साथ कुछ नियमों का पालन करना भी जरूरी माना जाता है। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या देवउठनी एकादशी पर बाल धो सकते हैं? क्या दिन में सोना मना है? नाखून काटना और शेव करना चाहिए या नहीं? आइए जानते हैं देवउठनी ग्यारस के दिन क्या करना चाहिए और किन कामों से बचना चाहिए।

क्या देवउठनी एकादशी पर बाल धो सकते हैं

देवउठनी एकादशी पर बाल धोने को लेकर अलग-अलग पारिवारिक और क्षेत्रीय मान्यताएं हैं। कुछ परंपराओं में एकादशी के दिन बाल धोने से बचने की सलाह दी जाती है। हालांकि, इसे सभी के लिए अनिवार्य धार्मिक निषेध नहीं माना जा सकता। अगर किसी को बाल धोने की जरूरत है या स्वच्छता संबंधी परेशानी है, तो वह अपनी सुविधा के अनुसार ऐसा कर सकता है। व्रत का मुख्य उद्देश्य भगवान विष्णु की भक्ति और मन की शुद्धता है।

एकादशी व्रत में दिन में सोना चाहिए या नहीं

एकादशी के दिन दिन में सोने से बचना चाहिए। खासकर जो लोग निर्जला या फलाहार व्रत रखते हैं, उन्हें दिन का समय भगवान विष्णु के भजन, मंत्र जाप और धार्मिक कार्यों में बिताने की सलाह दी जाती है। हालांकि, बुजुर्गों, बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को आराम की जरूरत हो तो वे विश्राम कर सकते हैं। स्वास्थ्य को परेशानी में डालकर व्रत करना उचित नहीं है।

एकादशी में नाखून काटना चाहिए या नहीं

एकादशी के दिन नाखून काटना और बाल कटवाना कई धार्मिक परंपराओं में वर्जित माना गया है। मान्यता है कि व्रत के दिन शरीर की अनावश्यक सजावट और सौंदर्य संबंधी कामों से बचकर पूजा-पाठ पर ध्यान देना चाहिए। इसलिए इस दिन नाखून काटने और बाल कटवाने का काम टालना बेहतर माना जाता है।

क्या देवउठनी एकादशी के दिन शेविंग कर सकते हैं

एकादशी के दिन शेविंग करने और दाढ़ी-मूंछ बनवाने से भी बचना चाहिए। इसे नाखून काटने और बाल कटवाने की तरह ही दैनिक साज-सज्जा से जुड़ा ऐसा काम माना जाता है, जिसे व्रत के दिन टाला जा सकता है। हालांकि, यह परंपरागत मान्यता है, कोई सार्वभौमिक धार्मिक नियम नहीं।

देवउठनी एकादशी पर कौन से जरूर करें

देवउठनी एकादशी पर सुबह जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए। इसके बाद साफ और संभव हो तो पीले रंग के वस्त्र धारण करें। घर के मंदिर और पूजा स्थल की सफाई करके भगवान विष्णु की पूजा करें। उन्हें पीले फूल, फल, तुलसी दल और पंचामृत अर्पित करें। इस दिन भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप, विष्णु सहस्रनाम का पाठ और एकादशी व्रत कथा सुनना शुभ माना जाता है। शाम के समय भगवान विष्णु को शंख, घंटी और मंत्रों के साथ योग निद्रा से जगाने की परंपरा है। इसके बाद माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का पूजन किया जाता है। आज के दिन कई घरों में तुलसी विवाह का आयोजन भी होता है।

डिस्क्लेमर- लेख में बताए गए देवउठनी एकादशी के ये नियम अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों की परंपराओं के अनुसार बदल सकते हैं। इसलिए किसी भी नियम को मानने से पहले एक बार अपनी पारंपरिक मान्यताओं को जरूर फॉलो करें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article