बुरी नजर या नजर दोष का जिक्र भारतीय परंपरा में सदियों से चलता आ रहा है। माना जाता है कि कई बार बुरी नजर का असर व्यक्ति, बच्चे, घर या कारोबार पर पड़ता है। भले ही इन मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हो, लेकिन आज भी बहुत से लोग अपनी आस्था के अनुसार नजर उतारने के उपाय करते हैं। ऐसे में अगर आप नजर दोष से बचने के लिए कोई आसान मंत्र जानना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है।
सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहे इसके लिए सबसे सरल और प्रभावशाली मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' माना जाता है। इस मंत्र का श्रद्धा और शांत मन से जाप करने से जीवन में नकारात्मकता दूर होती है। इसके अलावा नजर उतारने के पारंपरिक तरीके और मंत्र इस प्रकार हैं:
1. हनुमान जी का मंत्र
'ॐ नमो बजरंगी, लाल लंगोट वाले, तेरी नजर न जाए कोय। जय जय हनुमान!'
इस मंत्र का उच्चारण करते हुए व्यक्ति के सिर से पैर तक 7 बार राई, नमक या लाल मिर्च वार कर इसे आग में जला दें।
2. शिव मंत्र
'ॐ नमः शिवाय'
नकारात्मक ऊर्जा को नष्ट करने में भगवान शिव का यह मंत्र सबसे शक्तिशाली माना जाता है।
3. गायत्री मंत्र
'ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्।'
बुरी नजर के प्रभाव को समाप्त करने के लिहाज से यह अत्यंत पवित्र मंत्र है। यह मंत्र सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
नजर उतारने के पारंपरिक तरीके
नजर उतारने के कई पारंपरिक तरीके भारत के अलग-अलग राज्यों में प्रचलित हैं। सबसे आम तरीका है राई (सरसों), नमक और सूखी लाल मिर्च का इस्तेमाल करना। इन चीजों को एक साथ लेकर प्रभावित व्यक्ति के सिर से पैर तक सात बार उल्टी दिशा (एंटी-क्लॉकवाइज) घुमाया जाता है। इसके बाद इन्हें आग में जला दिया जाता है या घर से बाहर फेंक दिया जाता है। मान्यता है कि इससे नजर का प्रभाव खत्म हो जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जुलाई में एकादशी कब-कब हैं? नोट करें देवशयनी और योगिनी एकादशी की डेट
कुछ जगहों पर दूध या पानी से भी नजर उतारी जाती है। इसके लिए एक कटोरी में दूध या पानी लेकर उसे व्यक्ति के ऊपर से सात बार घुमाया जाता है और फिर उसे घर के बाहर किसी सुरक्षित स्थान पर डाल दिया जाता है।
नींबू का उपाय इस तरीके को नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने का प्रतीकात्मक तरीका माना जाता है। इसमें एक नींबू को व्यक्ति के ऊपर से सात बार घुमाकर किसी सुनसान जगह या चौराहे पर फेंक दिया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जुलाई 2026 में कब कर सकते हैं गृहप्रवेश, यहां देखें जुलाई में गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्तों की पूरी लिस्ट
मंत्र जाप करते समय रखें ये बातें
सुबह या शाम के समय भगवान शिव या भगवान हनुमान का स्मरण करते हुए मंत्र बोलें। कोशिश करें कि जाप के दौरान मन इधर-उधर ना भटके। मंत्र का जाप हमेशा शांत मन और पूरी श्रद्धा के साथ करना चाहिए। नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ या गायत्री मंत्र का जाप करने की भी परंपरा रही है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
