Budh Shani Bi Quintile Yog 2026: 29 अगस्त 2026 की शाम 4 बजकर 4 मिनट पर बुध और शनि के बीच 144 डिग्री का कोण बन रहा है। ज्योतिषीय दृष्टि से 144 डिग्री का यह संबंध बाई क्विनटाइल योग (Bi-Quintile) बनाता है। इस समय बुध सिंह राशि में और शनि मीन राशि में स्थित हैं। बुध बुद्धि, वाणी, गणना, व्यापार, लेखन और संचार के कारक हैं, जबकि शनि अनुशासन, मेहनत, तकनीक, जिम्मेदारी और लंबे समय की योजनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।
बुध और शनि के बीच बनने वाला यह संबंध अचानक मिलने वाले लाभ से ज्यादा बुद्धि और मेहनत को एक दिशा देने वाला साबित होता है। खासकर जिन लोगों का काम लेखन, मीडिया, शिक्षा, अकाउंटिंग, टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट, रिसर्च, प्रशासन या व्यापार से जुड़ा है, उनके लिए यह समय महत्वपूर्ण रहेगा। इस योग से कुछ राशि वालों को सबसे अच्छा परिणाम मिल सकता है।
क्या होता है बाई क्विनटाइल योग
ज्योतिष में दो ग्रहों के बीच 144 डिग्री का कोण बनने पर बाई क्विनटाइल आस्पेक्ट बनता है। इसे प्रतिभा, रचनात्मक क्षमता, समस्या सुलझाने की क्षमता और किसी विशेष कौशल को निखारने वाला संबंध माना जाता है। बुध जब शनि से इस तरह जुड़ते हैं तो तेज बुद्धि के साथ धैर्य और अनुशासन मिलता है। व्यक्ति किसी काम को केवल शुरू करने के बजाय उसे योजना बनाकर पूरा करने पर ध्यान देता है। 29 अगस्त को बुध सिंह में और शनि मीन में होने के कारण यह प्रभाव बुद्धि, करियर, रचनात्मक काम और योजनाओं से जुड़े मामलों में दिखाई देगा।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए बुध छठे और तीसरे भाव के स्वामी होकर पांचवें भाव में हैं, जबकि शनि दसवें और ग्यारहवें भाव के स्वामी होकर बारहवें भाव में स्थित हैं। बुध-शनि का बाई क्विनटाइल संबंध प्रतियोगिता, कम्युनिकेशन और करियर प्लानिंग को मजबूत करेगा। नौकरी करने वालों को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों को अपनी रणनीति सुधारने का फायदा मिलेगा। टेक्निकल या कम्युनिकेशन आधारित काम में अच्छा परिणाम मिलेगा। बुधवार को गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं और शनिवार को जरूरतमंद व्यक्ति को काला तिल दान करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के स्वामी स्वयं बुध हैं और इस समय बुध तीसरे भाव में स्थित हैं। शनि नवम भाव में रहकर बुध से बाई क्विनटाइल संबंध बना रहे हैं। यह योग लेखन, मीडिया, मार्केटिंग, सेल्स, डिजिटल काम और व्यापार के लिए बेहद अच्छा रहेगा। नया प्रोजेक्ट शुरू करने का मौका मिल सकता है। कारोबारी लोगों को पुराने संपर्कों से फायदा मिलेगा। विदेश या दूसरे शहर से जुड़ा काम भी आगे बढ़ सकता है। बुधवार को हरी मूंग का दान करें और गणेश जी की पूजा करें।
सिंह राशि
सिंह राशि में बुध दूसरे और ग्यारहवें भाव के स्वामी होकर लग्न में स्थित हैं। शनि सातवें और छठे भाव के स्वामी होकर आठवें भाव में हैं। दोनों के बीच बाई क्विनटाइल संबंध धन, नेटवर्क और निर्णय क्षमता को सक्रिय करेगा। सिंह राशि वालों को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का फायदा मिलेगा। नौकरी में वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आपकी क्षमता सामने आएगी। कारोबार में नए क्लाइंट और पुराने संपर्क आर्थिक लाभ दे सकते हैं। बुधवार को हरी सब्जी या हरी मूंग का दान करें और रोज सुबह सूर्य को जल चढ़ाएं।
कन्या राशि
कन्या राशि के लिए बुध लग्न और दशम भाव के स्वामी हैं और इस समय बारहवें भाव में स्थित हैं। शनि पांचवें और छठे भाव के स्वामी होकर सातवें भाव में हैं। यह संबंध करियर में रणनीति बनाने और नई दिशा खोजने में मदद करेगा। विदेशी कंपनी, वर्क फ्रॉम होम, डिजिटल काम या दूसरे शहर से जुड़े रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी बदलने की तैयारी कर रहे लोगों को बेहतर विकल्प मिल सकता है। कारोबारियों को विदेशी या ऑनलाइन क्लाइंट से फायदा होगा। बुधवार को गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं और शनिवार को श्रमिक व्यक्ति की मदद करें।
मकर राशि
मकर राशि के लिए बुध छठे और नौवें भाव के स्वामी हैं और आठवें भाव में स्थित हैं। शनि लग्न और दूसरे भाव के स्वामी होकर तीसरे भाव में हैं। बुध-शनि का यह संबंध रिसर्च, वित्त, लेखन और कारोबारी रणनीति में फायदा देगा। पुराने अटके हुए काम पूरे हो सकते हैं। बिजनेस में नई रणनीति काम करेगी। अकाउंटिंग, बैंकिंग, इंश्योरेंस, टैक्स, रिसर्च और टेक्निकल काम से जुड़े लोगों को विशेष फायदा मिलेगा। बुधवार को हरी मूंग का दान करें और शनिवार को काले तिल का दान करें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के लिए बुध पांचवें और आठवें भाव के स्वामी हैं और सातवें भाव में स्थित हैं। शनि स्वयं लग्न और बारहवें भाव के स्वामी होकर दूसरे भाव में हैं। यह योग बुद्धि, धन और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा। कारोबार करने वालों को नए क्लाइंट मिल सकते हैं। नौकरी में प्रमोशन या वेतन बढ़ने की बातचीत आगे बढ़ सकती है। शेयर बाजार या निवेश में रिसर्च के आधार पर फैसला लेने वालों को फायदा मिल सकता है, लेकिन बिना जानकारी के जोखिम लेने से बचें। बुधवार को गणेश जी की पूजा करें और शनिवार को काला तिल दान करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
