अध्यात्म

इन 5 कामों से नाराज होते हैं शनिदेव, दाने-दाने को कर देते हैं मोहताज

Shaniwar Ke Niyam: शनिवार का दिन शनिदेव को समर्पित होता है। मुहूर्त चिंतामणि के अनुसार इस दिन कुछ कार्यों को करने से घर में कंगाली आने लगती है। आइए जानते हैं कि वे काम कौन से हैं।

Image

शनिवार के नियम

Shaniwar Ke Niyam: शनिवार का दिन भगवान शनिदेव की पूजा के लिए खास है। शनि देव व्यक्ति को उसके कर्मों का फल देते हैं। शनिवार को किए गए कुछ काम जीवन में आर्थिक परेशानी बढ़ा सकते हैं। खासतौर पर ऐसी चीजों की खरीदारी और काम, जिनका संबंध शनि से माना जाता है, शनिवार के दिन नहीं करने चाहिए। ज्योतिषीय ग्रंथों में शनिवार से जुड़े कई नियम बताए गए हैं। मुहूर्त चिंतामणि में शनिवार कुछ ऐसे काम बताए गए हैं, जिनको करने से व्यक्ति को गरीबी का सामना करना पड़ सकता है। अगर घर में धन-संपत्ति और सुख-शांति बनाए रखना चाहते हैं तो शनिवार को इन 5 कामों से दूरी रखना चाहिए।

शनिवार को क्षौर कर्म

शनिवार को बाल, दाढ़ी और नाखून काटना नहीं चाहिए। मुहूर्त चिंतामणि में शनिवार, मंगलवार और रविवार को क्षौर कर्म के लिए निषिद्ध बताया गया है। इसमें सिर के बाल, दाढ़ी-मूंछ और नाखून काटने का काम शामिल है। ग्रंथ में शुभ समय पर क्षौर कर्म को आयु बढ़ाने वाला और निषिद्ध समय पर इसे आयु के लिए हानिकारक बताया गया है। इस कारण शनिवार को शेविंग, हेयरकट और नाखून काटने से बचें।

लोहा खरीदना

शनिवार को लोहा या लोहे से बनी नई वस्तु खरीदना घर के लिए शुभ नहीं होता है। लोहे का संबंध शनिदेव से है। शनिवार को लोहा खरीदने से धन संबंधी परेशानी बढ़ती है और काम में रुकावट आने लगती है। अगर लोहे की कोई वस्तु खरीदनी है तो उसे शनिवार के बजाय किसी दूसरे दिन खरीदें। वहीं, शनिवार को लोहे की वस्तु का दान करना शुभ होता है।

सरसों का तेल

शनिवार को सरसों का तेल खरीदकर घर नहीं लाना चाहिए। इससे आर्थिक स्थिति पर विपरीत असर पड़ता है और धन से जुड़ी परेशानियां बढ़ती हैं। कई लोग शनि मंदिर में भी दीपक खरीदते हैं, ऐसा नहीं करना चाहिए। इस दिन सरसों का तेल का दीपक घर से बनाकर ले जाएं। शनिवार को तेल न खरीदें। शनिवार को सरसों के तेल का दान करना शुभ होता है। शनि मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं और शनि की पीड़ा कम होती है। यानी शनिवार को तेल खरीदने के बजाय दान करें।

नमक खरीदने की गलती न करें

शनिवार को नमक खरीदना भी शुभ नहीं होता है। इस दिन नमक खरीदकर घर लाने से आर्थिक परेशानी बढ़ती है और घर की सुख-समृद्धि पर असर पड़ता है। अगर घर में नमक खत्म हो गया है तो इसे शुक्रवार या किसी दूसरे दिन खरीद लें। शनिवार को जरूरतमंद व्यक्ति को नमक का दान करना शुभ फल देता है।

नई झाड़ू न खरीदें

शनिवार को नई झाड़ू खरीदकर घर में नहीं लानी चाहिए। झाड़ू का संबंध घर की साफ-सफाई और धन-संपत्ति से माना जाता है। शनिवार को नई झाड़ू खरीदने से घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और धन टिकने में परेशानी आती है। नई झाड़ू खरीदने के लिए शनिवार के बजाय बुधवार या शुक्रवार का दिन चुनें।

इन चीजों को खरीदने के बजाय करें दान

शनिवार को काला तिल, उड़द की दाल, सरसों का तेल, काले कपड़े, कंबल और लोहे की वस्तुओं का दान करना शुभ होता है। जरूरतमंद, गरीब, बुजुर्ग या श्रमिक व्यक्ति की मदद करने से भी शनि देव की कृपा मिलती है। शनिवार को शनि मंदिर जाकर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। 'ॐ शं शनैश्चराय नमः' मंत्र का जाप करें। हनुमान जी की पूजा और हनुमान चालीसा का पाठ भी करें।

शनिवार को इन गलतियों से भी बचें

शनिवार को किसी गरीब, मजदूर या कमजोर व्यक्ति का अपमान न करें। किसी का पैसा रोकना, मेहनत की मजदूरी न देना, धोखा देना और किसी के साथ अन्याय करना भी शनि को नाराज करने वाले कर्म हैं। शनि देव कर्म के अनुसार फल देते हैं। इस कारण शनिवार ही नहीं, हर दिन ईमानदारी, मेहनत और न्याय के रास्ते पर चलना चाहिए।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article