शहर

IIT Delhi Student Death: धमकी भरे नारों से गरमाया कैंपस का माहौल; डायरेक्टर बोले- शांति भंग करने वालों पर होगा एक्शन

IIT Delhi Student Death: IIT दिल्ली में छात्र की कथित आत्महत्या के बाद लगातार जारी विरोध प्रदर्शन के बीच संस्थान के निदेशक रंगन बनर्जी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों के आवासीय परिसर के बाहर अपमानजनक और धमकी भरी नारेबाजी की गई, जिससे लोगों की सुरक्षा और शांति प्रभावित हुई।

Image

IIT दिल्ली में लगातार छठे दिन जारी रहा विरोध प्रदर्शन

Photo : PTI

IIT Delhi Student Death: दिल्ली भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) के निदेशक रंगन बनर्जी ने एमएससी के 31 वर्षीय छात्र की कथित आत्महत्या के बाद जारी विरोध प्रदर्शन के बीच धमकी भरे नारे लगाकर परिसर के शांत वातावरण को बाधित करने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। बनर्जी ने कहा कि गुरुवार रात प्रदर्शन काफी उग्र हो गया और विरोध प्रदर्शन परिसर के आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच गया।

अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल

जानकारी के मुताबिक, रंगन बनर्जी ने शुक्रवार को विद्यार्थियों को भेजे एक ईमेल में लिखा कि प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने रात साढ़े 10 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच शिक्षकों के आवासीय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी के दौरान अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, ’’इस तरह के व्यवहार से संकाय सदस्यों और छोटे बच्चों व बुजुर्ग आश्रितों सहित उनके परिवारों की सुरक्षा, गोपनीयता और शांति से समझौता होता है।’’ निदेशक ने कहा कि संस्थान परिसर के कामकाज में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।

स्वतंत्र जांच, अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग

निदेशक ने लिखा, ’’संस्थान आवासीय क्षेत्रों, कक्षाओं, शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों सहित परिसर के शांतिपूर्ण संचालन में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।’’ छात्र की मौत के बाद लगातार छठे दिन विद्यार्थियों के प्रदर्शन जारी रहने पर यह संदेश सामने आया है। छात्र स्वतंत्र जांच, संस्थान के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। IIT दिल्ली ने छात्र की मौत की परिस्थितियों की जांच के लिए गठित बाहरी जांच समिति का गुरुवार को पुनर्गठन किया, जिसकी प्रमुख दिल्ली हाई कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश मुक्ता गुप्ता को बनाया गया है। संस्थान के कैंपस में 22 अगस्त को एक इमारत से कूदकर छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article