magh maas ke upay : माघ माह में करें ये चमत्कारिक उपाय, होंगे मालामाल और घर में होगा सुख समृद्धि का वास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 19, 2022, 06:07 PM IST

Magh Month Ke Upay-totke : माघ मास की शुरुआत आज यानी 18 जनवरी से हुई है। मान्यता है कि इस माह संगम के तट पर कुशोदक का पार्थिव शिवलिंग बनाकर उसका विधिवत पूजन व रुद्राभिषेक करने से रोगों से मुक्ति मिलती है और परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य ठीक रहता है।

magh maas ke upay : माघ माह में करें ये चमत्कारिक उपाय, होंगे मालामाल और घर में होगा सुख समृद्धि का वास

Magh Ke Upay : भारतीय संवत्सर में 12 महीने होते हैं, ग्यारहवां महीना माघ का महीना होता है। इस महीने मघा नक्षत्र युक्त पूर्णिमा होने के कारण सनातन धर्म में इसका महत्व कई गुना बढ़ जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ का महीना भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है। पद्मपुराण में वर्णित एक कथा के अनुसार श्रीहरि भगवान विष्णु व्रत, दान एवं तपस्या से भी उतने प्रसन्न नहीं होते, जितना माघ माह में किसी पवित्र नदी में स्नान करने से होते हैं। इस महीने किसी पवित्र नदी में स्नान करने व दान पुण्य करने से पापों का शमन होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। हिंदू पंचांग के अनुसार माघ मास की शुरुआत 18 जनवरी 2022, मंगलवार से हुई है। 

मान्यता है कि इस माह संगम के तट पर कुशोदक का पार्थिव शिवलिंग बनाकर उसका विधिवत पूजन व रुद्राभिषेक करने से रोगों से मुक्ति मिलती है और परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य ठीक रहता है। तथा विधिव भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना करने से धन प्राप्ति के मार्ग खुलते हैं और घर में सुख समृद्धि का वास होता है। ऐसे में इस लेख के माध्यम से हम आपको कुछ ऐसे उपाय बताएंगे, जिससे आप जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंच सकते हैं और धन्य धान से समृद्ध हो सकते हैं।

मनोवांछित फल की प्राप्ति

पौराणिक ग्रंथों के अनुसार माघ के महीने में किसी पवित्र नदी में स्नान कर शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा अर्चना करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती व सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कहा जाता है कि इस महीने प्रत्येक सोमवार को शहद से अभिषेक करने से जमीन या मकान की प्राप्ति होती है।

संतान प्राप्ति के लिए

संतान प्राप्ति के लिए भी इस माह का विशेष महत्व है। ऐसे में संतान प्राप्ति व संतान के जीवन में प्रसन्नता, संपन्नता के लिए संतानगोपाल की विधिवत पूजा अर्चना करें।

पुण्यलाभ के लिए

नारदपुराण के अनुसार माघ मास में ब्रह्ममुहूर्त में स्नान करने व सूर्य देव को अर्घ्य देने से महापातक दूर हो जाते हैं और प्राजापत्य यज्ञ का फल प्राप्त होता है। ऐसे में रोजाना ब्रह्ममुहूर्त में स्नान कर सूर्य देव की विधिवत पूजा करें।

आरोग्य की प्राप्ति के लिए

इस महीने से मौसम में बदलाव शुरू हो जाता है। सूर्य के प्रकाश में तप बढ़ने लगता है, ऐसे में इस दौरान अपने खानपान व दिनचर्या में परिवर्तन करें। इस दौरान हल्का व सुपाच्य भोजन करना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है तथा माघ माह में प्रतिदिन एक बार भोजन करने से आरोग्य और एकाग्रता की प्राप्ति होती है।

दुर्गासप्तशती का करें पाठ

माघ माह में दुर्गासप्तशती का प्रतिदिन पाठ करने तथा सतचंडी यज्ञ करने से माता की कृपा सदैव भक्तों पर बनी रही है। ऐसा करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

गौ माता की करें पूजा

कहा जाता है कि माघ माह में गौ माता को प्रतिदिन भोजन कराने व पालक खिलाने से कष्टों का निवारण होता है तथा जीवन में आने वाली सभी विघ्न बाधाएं दूर होती हैं।

स्नान दान का है विशेष महत्व

माघ महीने में जरूरतमंद यानी पात्र व्यक्ति को दान आदि करने व ब्राम्हणों को भोजन कराने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है औस समस्त कष्टों का निवारण होता है। ऐसे में इस महीने जरूरतमंद व्यक्ति को दान दें और ब्राम्हणों को भोजन कराएं।

डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है। 

End of Article