CRPF GD Constable Recruitment Rally 2022: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने कांस्टेबल जनरल ड्यूटी पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक वेबसाइट crpf.gov.in पर नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी सीआरपीएफ जीडी कांस्टेबल भर्ती 2022 के लिए आयोजित रैली में शामिल हो सकते हैं। यह भर्ती रैली छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के आंतरिक क्षेत्रों के मूल आदिवासी (पुरुष) अभ्यर्थियों के लिए होगी।
CRPF GD Constable Vacancy 2022: इतने पद खाली
आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इस प्रक्रिया के माध्यम से जीडी कांस्टेबल के कुल 400 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिसमें, बीजापुर के 128 पद, दंतेवाड़ा के 144 पद और सुकमा के 128 पद शामिल हैं। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल 3 के तहत 21700 रुपए से 69100 रुपए महीने तक वेतन दिया जाएगा।
CRPF GD Constable Eligibility: कौन कर सकता है आवेदन?
सीआरपीएफ में कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 28 साल निर्धारित की गई है। इसके अलावा अभ्यर्थी केंद्र या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त स्कूल से न्यूनतम 8वीं कक्षा पास होना चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी की लंबाई 153 सेमी और वजन ऊंचाई के अनुपात में 10 फ़ीसदी कम होना चाहिए। योग्यता से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन चेक कर सकते हैं।
CRPF GD Constable Exam 2022: ऐसे होगा चयन
जीडी कांस्टेबल भर्ती के लिए चयन लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। इस लिखित परीक्षा में दो पेपर होंगे। पहले पेपर में 100 अंकों के 100 सवाल होंगे और इसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। वहीं, दूसरे पेपर में स्थानीय भाषा से संबंधित सवाल होंगे। इस परीक्षा की तारीख और स्थान की सूचना तय समय के अंदर दी जाएगी।
CRPF GD Constable Recruitment Rally 2022: इस तारीख से होगी रैली
सीआरपीएफ जीडी कांस्टेबल भर्ती रैली बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के निर्धारित पते पर 10 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2022 तक आयोजित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी रैली के लिए अपने आवेदन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ नोटिफिकेशन में दिए गए पते पर तय समय के अंदर उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।
