बकरीद में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। उससे पहले पूरे देश में बकरों की मंडी सज गई है। राजस्थान के बाड़मेर में भी ईदगाह के बाहर बकरा मंडी में बेहद ही खास रौनक देखने को मिल रही है। जहां बकरा मंडी में पूरे दिन लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है।
ईद-उल-अजहा के मौके पर यहां सजे बकरा मंडी में चारों तरफ से बकरों के मिमियाने की आवाजें सुनने को मिल रही है। लोग बकरों के मोल-भाव करते नजर आ रहे हैं। पूरे बकरा मंडी में अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
मंडी में दूर-दूर के गांवों से पशुपालक अपने बकरों को लेकर पहुंचे हुए हैं। जहां सभी अपने बकरों की खासियत, नस्ल और उनका वजन बता रहा है। मंडी में बकरे खरीदने आए खरीददार भी बड़ी ध्यान से बकरों के नस्ल, कद और उनके वजन को देख और सुन रहे हैं।
बाड़मेर के इस बकरा मंडी में बिकने के लिए सैकड़ों बकरे आए हैं। जिनमें अजमेरी, सिंधी और नागौरी नस्ल के बकरों को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इन नस्लों के बकरे मजबूत और अच्छे कद-काठी वाले होते हैं, इसलिए बाजार में इनकी डिमांड ज्यादा है।
इसके अलावा मंडी में आए लाल और सफेद रंग के बकरे भी लोगों को खूब लुभा रहे हैं। साथ ही मंडी में आए VIP बकरे भी इस वक्त खूब लाइमलाइट में हैं। जो अपने खास बनावट और वजन के कारण पूरे मंडी के स्टार बने हुए हैं। इन बकरों को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी खूब जुट रही है।
अगर मंडी में बिकने आए बकरों की कीमत के बारे में बात करें तो इनकी कीमत 15 हजार से लेकर लाखों तक है। जिन्हें देखने के लिए बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी आए हुए हैं।
मंडी में आए पशुपालकों का कहना है कि यहां पर हर साल ईद से पहले उनके बकरों की अच्छी कीमत मिल जाती है इसलिए ऐसे में वे दूर-दूर से अपने बकरों को लेकर यहां पहुंचे हुए हैं।