रेलवे की ओर से त्योहारों के मौके पर कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद बहुत कम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल पा रहा है। टिकट दलालों पर लगाम कसने के लिए IRCTC ने आधार वेरिफिकेशन जैसे कई कदम उठाए हैं, फिर भी आम यात्रियों को टिकट नहीं मिल रहा। वहीं एजेंट और दलाल आसानी से टिकट बुक कर लेते हैं, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
अगर आपको कन्फर्म टिकट नहीं मिला है, तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। एक ऐसा तरीका है, जिससे आप चार्ट बनने के बाद भी यह पता लगा सकते हैं कि किस ट्रेन में कौन-सी सीट खाली है। खास बात यह है कि इसके लिए आपको IRCTC अकाउंट में लॉगिन करने की भी जरूरत नहीं होती। आप सीधे खाली सीट की जानकारी देखकर टीटीई से सीट ले सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले IRCTC ऐप ओपन करें। अगर आपके फोन में ऐप नहीं है, तो आप इसे गूगल प्ले-स्टोर या ऐप्पल के ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप खोलने के बाद ‘Train’ विकल्प पर क्लिक करें।अब आपको कई विकल्प दिखेंगे, इनमें से ‘Chart Vacancy’ के ऑप्शन को चुनें।
Chart Vacancy पर क्लिक करने के बाद आपके सामने एक नया पेज खुलेगा, जहां Reservation Chart दिखेगा। यहां ट्रेन नंबर और उस स्टेशन का नाम डालें, जहां से आपको यात्रा करनी है। इसके बाद अगला पेज खुलेगा, जिसमें अलग-अलग क्लास जैसे एसी और स्लीपर की जानकारी मिलेगी।
अब जिस क्लास में आपको सीट चाहिए, उसे चुनें। क्लास चुनते ही दाईं ओर खाली सीट नंबर दिखाई देंगे। आप इनमें से किसी भी खाली सीट पर जाकर बैठ सकते हैं और टीटीई से बात करके उसी सीट का टिकट बनवा सकते हैं।
यह तरीका किसी एक त्योहार तक सीमित नहीं है। साल के किसी भी समय, जब ट्रेन का चार्ट बन चुका हो, तब आप इस तरीके से खाली सीटों की लिस्ट देख सकते हैं। इससे आपको यह भी पता चल जाता है कि कोई सीट किस स्टेशन से किस स्टेशन तक खाली है।