शहर

प्रयागराज में बाइक सवार कांवड़ियों की ऑटो से जोरदार टक्कर, तीन लोगों की मौत

प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर एक बाइक और मालवाहक ऑटो की जोरदार टक्कर में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक से वाराणसी जा रहे थे।

Image

प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

Prayagraj Accident News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक बाइक की मालवाहक ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। वे वाराणसी की ओर जा रहे थे। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सरायइनायत थाना क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रात करीब 10 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक कई फीट दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

गंभीर चोट लगने से तीनों की हालत बिगड़ी

हादसे में तीनों कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक फाफामऊ, दो थरवई के रहने वाले

पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक युवक फाफामऊ का रहने वाला था, जबकि दो अन्य युवक थरवई क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article