प्रीमियम तत्काल टिकट सामान्य तत्काल टिकट की तुलना में काफी महंगे होते हैं, क्योंकि इसमें डायनामिक प्राइसिंग लागू होती है। प्रीमियम तत्काल टिकट की सबसे खास बात इसकी डायनामिक प्राइसिंग है और इसका सबसे बड़ा खेल है।
इसके बारे में अधिकतर लोगों को जानकारी नहीं है। लोगों को यही लगता है कि तत्काल टिकट की तरह ही प्रीमियम तत्काल टिकट की कीमत फिक्स होती है लेकिन ऐसा बिलकुल भी नहीं है। ऊपर की इमेज में आप देख सकते हैं कि उसी ट्रेन का तत्काल टिकट और प्रीमियम तत्काल टिकट के किराए में कितना फर्क है? सीधे-सीधे 2350 रुपये एक्स्ट्रा। यह भी फिक्स नहीं है, समय के साथ बढ़ भी सकता है।
प्रीमियम तत्काल में जैसे-जैसे सीटें बुक होती जाती हैं, वैसे-वैसे टिकट की कीमत भी बढ़ती जाती है। शुरुआत में किराया बेस फेयर और तत्काल चार्ज के साथ तय होता है, जो आमतौर पर 10% से 30% तक अतिरिक्त होता है। लेकिन मांग बढ़ने के साथ यह बढ़ोतरी 30% से भी ज्यादा हो सकती है, जिससे टिकट काफी महंगा हो जाता है।
जहां सामान्य तत्काल टिकट में अतिरिक्त शुल्क की एक सीमा तय होती है, वहीं प्रीमियम तत्काल में कोई ऊपरी सीमा नहीं होती। इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ता है, क्योंकि ज्यादा डिमांड होने पर टिकट का किराया काफी ऊंचा हो सकता है।
यही कारण है कि यह सेवा केवल उन्हीं यात्रियों के लिए उपयुक्त मानी जाती है जिन्हें किसी भी हाल में कन्फर्म टिकट चाहिए। प्रीमियम तत्काल में 1,300 रुपये का टिकट 3,000 रुपये का भी हो सकता है।
प्रीमियम तत्काल में सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें केवल कन्फर्म टिकट ही मिलते हैं। इसमें वेटिंग लिस्ट (WL) या RAC जैसी कोई सुविधा नहीं होती। यानी अगर टिकट उपलब्ध है तो वह कन्फर्म ही मिलेगा, अन्यथा बुकिंग संभव नहीं होगी। यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी है जो यात्रा में किसी भी प्रकार की अनिश्चितता नहीं चाहते।
प्रीमियम तत्काल टिकट की बुकिंग ट्रेन के प्रस्थान से एक दिन पहले शुरू होती है। एसी क्लास के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे और नॉन-एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे खुलती है। यानी प्रीमियम तत्काल की बुकिंग के लिए कोई स्पेशल टाइम नहीं है जो तत्काल की है, वही इसकी भी है। तत्काल की तरह ही प्रीमियम तत्काल टिकट कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलता।
प्रीमियम तत्काल टिकट के साथ कई सख्त नियम भी जुड़े हुए हैं। इसमें बच्चों के लिए किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाती और टिकट कैंसिल करने पर कोई रिफंड भी नहीं मिलता। इसके अलावा बुकिंग के समय यात्री को अपना वैध पहचान पत्र (ID) देना अनिवार्य होता है और यात्रा के दौरान कम से कम एक यात्री के पास वह मूल ID होना जरूरी है।
प्रीमियम तत्काल सेवा उन यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है जिन्हें अचानक यात्रा करनी पड़ती है और वे किसी भी कीमत पर कन्फर्म सीट चाहते हैं। हालांकि, बढ़ती कीमतों के कारण यह विकल्प हर किसी के लिए किफायती नहीं है। ऐसे में यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए इस सुविधा का चयन करना चाहिए।