Tatkal Ticket Booking: भारतीय रेलवे 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग के लिए नया नियम लागू कर रहा है। अब केवल वही IRCTC अकाउंट होल्डर्स तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे, जिन्होंने अपने अकाउंट को आधार नंबर से वेरिफाई कर लिया है। इस नियम का मकसद तत्काल टिकट बुकिंग में होने वाले फर्जीवाड़े को रोकना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने X प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी है, और IRCTC की वेबसाइट व ऐप पर भी यह सूचना दिखाई दे रही है।
IRCTC अकाउंट को आधार से जोड़ना आसान और मुफ्त है। यह प्रक्रिया कुछ ही मिनट में पूरी हो जाती है। नीचे इसका स्टेप-बाय-स्टेप तरीका बताया गया है।
अपने मोबाइल में IRCTC ऐप खोलें या ब्राउज़र में IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट (www.irctc.co.in) पर जाएं। फिर अपने अकाउंट में लॉग इन करें।
लॉग इन करने के बाद टॉप राइट कॉर्नर में "My Account" का ऑप्शन दिखेगा। इस पर क्लिक करें।
"My Account" में "Authenticate User" का ऑप्शन दिखेगा। इस पर क्लिक करें।
स्क्रीन पर आपका नाम और जेंडर दिखेगा। इसके ऊपर आधार नंबर डालने का ऑप्शन होगा। अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें। नीचे "Send OTP" का बटन होगा, उस पर क्लिक करें।
आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। इस OTP को IRCTC पोर्टल पर डालें। इसके बाद नियम और शर्तों के बॉक्स पर टिक करें और "Submit" बटन दबाएं।
आधार वेरिफिकेशन पूरा होने पर स्क्रीन पर सफलता का मैसेज दिखेगा। "My Account" में "Authenticate User" के सामने हरा टिक (✓) नजर आएगा।
हमेशा IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल करें। फर्जी वेबसाइट या ऐप से सावधान रहें, क्योंकि साइबर ठग आपके बैंक खाते या निजी जानकारी चुराने की कोशिश कर सकते हैं।