7 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के किसानों को पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त का अग्रिम वितरण किया गया। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुए नुकसान को देखते हुए यह राहत दी गई है।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि भवन नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के बाढ़ व भूस्खलन प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 21वीं किस्त अग्रिम जारी की
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 8.5 लाख से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में ₹170 करोड़ से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। जम्मू-कश्मीर के किसानों को पीएम-किसान के तहत अब तक कुल 4,052 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
कृषि भवन, नई दिल्ली से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू-कश्मीर के किसानों को 21वीं किस्त भेजे जाने की पुष्टि की। आज की किस्त के तहत लगभग 8.55 लाख किसानों के बैंक खातों में सीधे 171 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए, जिनमें 85,418 महिला किसान शामिल हैं।
पहले 26 सितंबर को पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के करीब 27 लाख किसानों को भी 21वीं किस्त समय से पहले भेज दी गई थी।
अब बाकी राज्यों के किसानों के मन में सवाल है कि उन्हें 21वीं किस्त कब मिलेगी। वे जानना चाहते हैं कि यह धनतेरस पर आएगी या दीपावली तक इंतजार करना होगा।
2023 में यह किस्त 15 नवंबर को जारी हुई थी जबकि 2024 में 18वीं किस्त 5 अक्टूबर को जारी की गई थी। इस हिसाब से 21वीं किस्त आ जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल चार राज्यों के किसानों को ही राशि मिली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किसानों को दीपावली से पहले खुशखबरी मिल सकती है। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि धनतेरस (18 अक्टूबर) या उससे पहले ही किसानों के खाते में ₹2,000-₹2,000 की राशि जमा हो सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।