शुक्रवार को महाराष्ट्र के बीड जिले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों से रूबरू हुए। वहां यह उम्मीद की जा रही थी कि वे पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त को लेकर कोई घोषणा करेंगे, लेकिन उन्होंने इसकी जगह फसल बीमा योजना से जुड़ा बड़ा ऐलान किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलने वाले मुआवजे का एक-एक रुपया उन्हें दिया जाएगा। बीड के सिरसाला स्थित ग्लोबल विकास ट्रस्ट (GVT) कृषिकुल में करीब 20,000 किसानों को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सरकार किसानों से सीधे संपर्क करेगी ताकि उनके सही दावों का पूरा मुआवजा समय पर दिया जा सके।
चौहान ने कहा कि किसान केवल किसान नहीं, बल्कि देश के जीवनदाता और अन्नदाता हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत देशभर के वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं से निकलकर खेतों में किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं ताकि शोध और नवाचार का लाभ किसानों तक पहुंच सके।
पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इस महीने 21वीं किस्त के 2,000 रुपये किसानों के खाते में आ जाएंगे।
हाल के दिनों में देश के कई हिस्सों में अनियमित मौसम और भारी बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। इस पर चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हैं और हर प्रभावित किसान को समय पर राहत दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार तुरंत फसल नुकसान का मुआवजा देगी और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष) के माध्यम से अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।