IRCTC से टिकट बुक करना आज भी एक टेढ़ी खीर है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि इस पर अभी भी दलालों का ही कब्जा है। इसे रोकने के लिए सरकार की ओर से IRCTC से टिकट बुक करने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य किया गया है लेकिन आज भी आम आदमी एक तत्काल टिकट बुक नहीं कर सकता है।
IRCTC करना मुश्किल तो है लेकिन नामुमकिन नहीं है। आप अपने IRCTC अकाउंट में कुछ सेटिंग्स बदलकर तत्काल टिकट भी आराम से बुक कर सकते हैं। आमतौर पर सबसे ज्यादा समय पैसेंजर डीटेल भरने और पेमेंट में जाता है। यदि आप इससे बच जाते हैं तो तत्काल टिकट आपको बुक करने से कोई रोक नहीं सकता है। आइए जानते हैं कि कौन-सी दो सेटिंग बदलकर आप IRCTC से तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं।
अगर आप अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं, तो IRCTC अकाउंट में मास्टर लिस्ट बनाना ही चाहिए। मास्टर लिस्ट मेंउन यात्रियों की पूरी डिटेल्स रहती है जिन्हें यात्रा करनी होती है। बुकिंग के दौरान आपको पैसेंजर की डीटेल भरने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि यह ऑटोमैटिक फिल हो जाता है।
एक अकाउंट में आप 12 यात्रियों की लिस्ट बना सकते हैं। ये खासकर तत्काल टिकट के लिए उपयोगी है, जहां ये सब डीटेल भरने के लिए आपके पास समय नहीं होता है। तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान एक-एक सेकंड कीमती होते हैं।
मास्टर लिस्ट आप IRCTC की वेबसाइट irctc.co.in या ऐप पर लॉगिन करके बना सकते हैं। लॉगिन के बाद 'My Profile' या 'Master List' सेक्शन पर जाएं। 'Add Passenger' बटन दबाकर नया यात्री जोड़ें। फॉर्म में नाम, उम्र, लिंग, पता, फोन नंबर और ID नंबर भरें।
पैसेंजर डीटेल भरने के बाद सबसे बड़ी दिक्कत पेमेंट को लेकर आती है। आपको पिन या ओटीपी डालना ही होता है, उसके बाद ही टिकट बुक होता है लेकिन यदि आप IRCTC के वॉलेट में पहले से पैसे डालकर रखते हैं तो यह काम आपको नहीं करना होगा और आसानी से टिकट बुक कर पाएंगे।
यदि आप अपने IRCTC अकाउंट में ये दो सेटिंग पहले ही कर लेते हैं तो आपको तत्काल टिकट बुक करने में सफलता मिल जाएगी, क्योंकि सबसे ज्यादा समय पैसेंजर डीटेल भरने और उसके बाद पेमेंट करने में जाता है, लेकिन यदि IRCTC वॉलेट में पैसा है तो टिकट फटाफट बुक हो जाता है।