टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रेलवे ने कई वर्षों बाद पहली बार यात्री ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी का फैसला किया है। यह नया किराया 1 जुलाई 2025 से लागू होगा। बता दें कि रेलवे ने इस महीने की शुरुआत में एक और बड़ा बदलाव-तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन भी किया है। यह नियम भी 1 जुलाई से लागू होने वाला है।
रेलवे के नए टैरिफ के अनुसार, सामान्य द्वितीय श्रेणी (Second Class) में अगर यात्रा 500 किलोमीटर तक की जाती है तो किराए में कोई बदलाव नहीं होगा। लेकिन यदि यात्रा 500 किलोमीटर से अधिक की है, तो प्रति किलोमीटर आधा पैसा अतिरिक्त देना होगा।
वहीं, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों (Non-AC) में सफर करने वालों के लिए किराया प्रति किलोमीटर 1 पैसा बढ़ा दिया गया है। सबसे ज्यादा असर AC क्लास (AC Classes) के यात्रियों पर पड़ेगा, जिन्हें अब प्रति किलोमीटर 2 पैसे अधिक चुकाने होंगे। यह नियम 1 जुलाई 2025 से लागू होगा।
रेलवे के अनुसार, 1 जुलाई से तत्काल टिकट की बुकिंग सिर्फ उन्हीं यात्रियों के लिए संभव होगी जिन्होंने IRCTC की वेबसाइट या ऐप के माध्यम से आधार से प्रमाणीकरण किया हो।
इसके साथ ही 15 जुलाई 2025 से, तत्काल टिकट बुक करते समय एक अतिरिक्त आधार-आधारित OTP वेरिफिकेशन स्टेप को भी पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है। इन दोनों बदलावों के साथ भारतीय रेलवे अब टिकटिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है।