भारत टैक्सी एक मोबाइल आधारित कैब बुकिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे स्मार्टफोन के जरिए आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसे आम भारतीय यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह सेवा सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव के तहत शुरू हो रही है, जिसे ड्राइवरों के हितों पर केंद्रित नेशनल मोबिलिटी कोऑपरेटिव बताया जा रहा है। ऐप के जरिए लोकल और आउटस्टेशन, दोनों तरह की यात्राएं की जा सकेंगी।
भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत सर्ज प्राइसिंग से मुक्ति है। पीक टाइम या खराब मौसम में किराया अचानक बढ़ने की समस्या से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस ऐप में किराया पहले से तय और पारदर्शी रहने का दावा किया गया है।
यह ऐप ड्राइवर-फ्रेंडली मॉडल पर काम करेगा। इसमें ड्राइवरों को 80 प्रतिशत से अधिक किराया मिलने की बात कही गई है। इससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और निजी टैक्सी कंपनियों की मनमानी से होने वाली परेशानियां कम होंगी।
लॉन्च से पहले ही दिल्ली में करीब 56 हजार ड्राइवर भारत टैक्सी ऐप पर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इससे साफ है कि ड्राइवर समुदाय में इस प्लेटफॉर्म को लेकर खासा उत्साह है। सरकार को उम्मीद है कि शुरुआत से ही यात्रियों को पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध होंगे।
भारत टैक्सी ऐप पर ऑटो, कार और बाइक टैक्सी की सुविधा मिलेगी। इससे छोटी दूरी से लेकर लंबी यात्रा तक हर जरूरत के लिए एक ही प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इस ऐप में रियल-टाइम ट्रैकिंग, 24x7 कस्टमर सपोर्ट, कैश और डिजिटल पेमेंट विकल्प के साथ सेफ्टी फीचर्स दिए जाएंगे। इसका फोकस फैमिली ट्रैवलर्स, कॉरपोरेट यूजर्स और टूरिस्ट्स पर रखा गया है।
भारत टैक्सी के जरिए ड्राइवरों को स्थायी कमाई का अवसर मिलेगा। कम कमीशन, समय पर भुगतान और टेक्निकल सपोर्ट जैसी सुविधाएं देकर ड्राइवरों और प्लेटफॉर्म के बीच भरोसा मजबूत करने का दावा किया गया है।
Bharat Taxi मोबाइल ऐप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर ट्रायल और फीडबैक के लिए उपलब्ध है। iOS वर्ज़न जल्द लॉन्च करने की बात कही गई है। अभी दिल्ली और गुजरात में इसका ट्रायल चल रहा है।
डाउनलोड करते समय यह सुनिश्चित करें कि ऐप सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा जारी किया गया हो। https://bharattaxiapp.com/ पर जाकर भी आप क्यूआर कोड को स्कैन करके ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं।