Rajasthan Weather: राजस्थान में आज यानी सोमवार 3 अगस्त को सुबह कई इलाकों में मानसूनी बारिश हुई। राजधानी जयपुर, अजमेर, दौसा और करौली सहित कई जिलों में सुबह बारिश और बूंदाबांदी हुई। जयपुर में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं। वहीं, कल यानी रविवार 2 अगस्त को पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अब मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने वाली हैं। अगले एक सप्ताह के दौरान राज्य में व्यापक और तेज बारिश की संभावना कम ही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन उत्तर की ओर शिफ्ट हो गई है। इसके चलते जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
5 अगस्त तक इन क्षेत्रों में होगी बारिश
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज से बुधवार 5 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यानी अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं होगा, लेकिन इसकी तीव्रता और दायरा धीरे-धीरे सीमित होने की संभावना है।
जैतारण में 146 मिलीमीटर बारिश
रविवार को पाली, अजमेर, जोधपुर और बाड़मेर सहित पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा 146 मिलीमीटर यानी करीब करीब साढ़े 5 इंच बारिश पाली जिले के जैतारण में हुई। तेज बारिश के कारण जैतारण, ब्यावर और अजमेर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। पाली के रोहट में 67 एमएम, रायपुर में 54, अजमेर के जवाजा में 38, सरवर में 35, जोधपुर के कुड़ी भगतासनी में 49 और राजसमंद के खमनोर में 45 मिलीमीटर बारिश हुई।
अजमेर में अब तक 328 मिलीमीटर बारिश
अजमेर में आज सुबह से ही बारिश का दौर जारी रहा। जून से 2 अगस्त तक जिले में कुल 328 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। करौली के टोडाभीम में लगभघ एक घंटे तक रिमझिम बारिश हुई, जिससे तापमान 2 डिग्री गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
पश्चिमी राजस्थान में गिरा तापमान
बारिश के बाद जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। रविवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 34.2°C, जैसलमेर में 34.1°C और जोधपुर में 32.5°C रिकॉर्ड हुआ। वहीं श्रीगंगानगर में पारा 38.9°C तक पहुंच गया।
राजधानी जयपुर में भी आज सुबह हल्की बारिश और बादलों के कारण मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, लेकिन मानसून का प्रभाव फिलहाल कमजोर रहेगा।
