Begusarai Panchayat Viral Video: बिहार के बेगूसराय जिले से कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को तार-तार करने वाली एक अत्यंत खौफनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक दुष्कर्म पीड़िता को न्याय देने के बजाय गांव की पंचायत ने दोषी ठहराते हुए सार्वजनिक रूप से थूक चाटने, कान पकड़कर उठक-बैठक करने और घुटनों के बल बैठने की तालिबानी सजा सुना दी। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल होने और आक्रोश फैलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है।
पंचायत का बर्बर फरमान और अमानवीय व्यवहार
दो बच्चों की मां पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ जून की शुरुआत में दुष्कर्म किया था। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने 2 जून और 4 जून की रात उसके घर में घुसकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोपी को पीड़िता के घर से निकलते देखा था, जिसके बाद पीड़िता की बात सुनने के बजाय गांव की पंचायत ने उसी पर अवैध संबंध का आरोप लगा दिया। TOI की रिपोर्ट के मुताबित, पंचायत ने सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला को घुटनों पर बिठाया, कान पकड़वाए और जमीन पर थूक चाटने के लिए मजबूर किया।
वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस
पीड़िता के अनुसार, जब वह और उसका पति (जो तमिलनाडु में मजदूरी करता है) शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने गए, तो पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया था। यह घटना 5 जून को घटी थी, लेकिन 31 जुलाई को जब इस प्रताड़ना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब जाकर बेगूसराय पुलिस ने मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की।
दुष्कर्म का मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बेगूसराय पुलिस प्रशासन ने कहा है कि वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और घटना में शामिल पंचायत के अन्य दबंगों व दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
