स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की सबसे अहम योजनाओं में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शामिल है। इस योजना के तहत पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाता है। आयुष्मान कार्ड के जरिए लाभार्थी को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सूचीबद्ध अस्पतालों में मिल सकता है। लेकिन यह सुविधा हर किसी के लिए नहीं है, इसलिए पहले पात्रता जांचना जरूरी होता है।
आयुष्मान कार्ड मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बनाया गया है। यह कार्ड उन लोगों को मिल सकता है जो असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं, जैसे दिहाड़ी मजदूर या छोटे कामगार। इसके अलावा, गरीब परिवार, कच्चे मकान में रहने वाले लोग, पीएफ या ESIC से जुड़े न होने वाले नागरिक और 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक भी इस योजना के अंतर्गत आ सकते हैं।
अगर आप आयकर (टैक्स) दायरे में आते हैं, सरकारी नौकरी करते हैं या संगठित क्षेत्र में कार्यरत हैं, तो आप इस योजना के पात्र नहीं माने जाते। इसके साथ ही, आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति, पीएफ या ESIC से जुड़े कर्मचारी भी आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा सकते।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आप अपने नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जा सकते हैं। वहां सबसे पहले आपकी पात्रता की जांच की जाती है। पात्र पाए जाने पर जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन होता है और आवेदन प्रक्रिया पूरी कर दी जाती है। कुछ ही समय में आपका आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाता है, जिसे डाउनलोड कर आप मुफ्त इलाज का लाभ ले सकते हैं।
हां, आयुष्मान कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए आप योजना की आधिकारिक वेबसाइट beneficiary.nha.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आयुष्मान एप के माध्यम से भी पात्रता जांच और आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क है और इसका मकसद जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अगर आप प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं, तो आयुष्मान कार्ड आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। आवेदन से पहले पात्रता जरूर जांचें और सरकारी योजना का पूरा लाभ उठाएं।