अगर आपने बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित की फिल्म कोयला का मशहूर गाना 'तन्हाई-तन्हाई' देखा है तो आपको उस गाने में दिखाई गई खूबसूरत झील जरूर याद होगी। वैसे तो उस झील का असली नाम सांगेत्सर लेक (Sangetsar Lake) है। लेकिन, मौजूदा समय में ज्यादातर लोग इसे माधुरी लेक के नाम से जानते हैं।
माधुरी दीक्षित की फिल्म कोयला के एक गाने की शूटिंग यहां हुई थी। गाने के बाद ये जगह इतनी फेमस हुई कि लोग इसे माधुरी झील कहने लगे। आज भी कई टूरिस्ट सिर्फ माधुरी दीक्षित की ही वजह से इस झील को देखने यहां पहुंचते हैं।
अरुणाचल प्रदेश की पहाड़ियों के बीच बसी माधुरी झील बेहद खूबसूरत है। यहां का मौसम ज्यादातर ठंडा रहता है। हर तरफ सिर्फ प्रकृति की खूबसूरती देखकर आपको ऐसा लगेगा कि जैसे आप किसी दूसरी दुनिया में ही आ गए हों।
समुद्र तल से करीब 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित माधुरी झील के आसपास का शांत माहौल आपका दिल जीत लेगा। इतनी ऊंचाई पर पहुंचते ही ठंडी हवा और बर्फीले पहाड़ का अद्भुत नजारा शायद ही आप कभी भूल पाएं।
झील के चारों तरफ फैले पहाड़ और पाइन के जंगल इसे ड्रीम डेस्टिनेशन बनाते हैं। ना शहर का शोर और ना ज्यादा भीड़ बस आपको यहां चारों तरफ प्रकृति और सुकून मिलेगा।
अगर आपको फोटो क्लिक करना पसंद हैं तो ये डेस्टिनेशन आपके लिए परफेक्ट है। झील में खड़े सूखे पेड़ और बैकग्राउंड में पहाड़ शानदार फिल्मी व्यू देता है जो आपकी इंस्टाग्राम गैलरी को शानदार बना सकती है।
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में ये झील स्थित है। सबसे पहले आपको तवांग पहुंचना होगा इसके बाद बुम ला रोड होते हुए तकरीबन 36 किलोमीटर की दूरी तय करके यहां सड़क मार्ग से पहुंचा जा सकता है।
अगर आप यहां जाने का प्लान कर रहे हैं तो जान लें कि यहां जाने के लिए परमिट लेना जरूरी होता है क्योंकि ये झील भारत-चीन सीमा के काफी करीब स्थित है। डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर ऑफिस से भारतीय टूरिस्ट परमिट प्राप्त कर सकते हैं। विदेशी नागरिकों को यहां जाने की इजाजत नहीं है।