स्पीति घाटी ट्रैवलर्स के बीच काफी ज्यादा पॉपुलर है लेकिन, बेहद कम लोग इस घाटी के अनोखे आकर्षण आइस केव कैफे के बारे में जानते होंगे। अगर आप हिमालय की ठंडी वादियों में चिलआउट करना चाहते हैं, तो लिंगटी का यह कैफे आपके लिए एक आदर्श स्थल है।
बर्फ से बनी एक प्राकृतिक गुफा के भीतर स्थित इस आइस केव कैफे का निर्माण स्थानीय युवाओं ने किया है। इस गुफा का निर्माण माइनस 20 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान में रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक लगातार पानी छिड़ककर किया गया है। बर्फ को बरकरार रखने के लिए हर रात पानी का छिड़काव किया जाता है।
सोशल मीडिया पर आइस केव कैफे से जुड़े वीडियो काफी वायरल होते हैं। गुफा की अद्वितीय संरचना, बर्फ की लटकती हुई संरचनाएं देखकर आपको जन्नत में होने का एहसास होगा। लिंगती नदी और फ्रोजन वाटरफॉल के पास स्थित इस जगह पर पैदल पहुंचा जा सकता है।
एंट्री फीस की बात करें तो इस अनूठे कैफे में प्रवेश के लिए ₹30 का शुल्क लिया जाता है। यहां जाकर बर्फ से बनी कुर्सियां और टेबल्स पर बैठकर आप चाय, कॉफी, मोमोज और मैगी जैसे हल्के नाश्ते का आनंद ले सकते हैं।
सड़क मार्ग से यात्रा करना आपके लिए बेस्ट हो सकता है। मनाली से लाहौल-स्पीति के लिए तमाम बस सेवाएं उपलब्ध हैं। यह कैफे काजा से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
लिंगटी गांव के पास स्थित कुछ प्रमुख स्थल जैसे लाहुलंग मठ, पिन वैली नेशनल पार्क, गुए गांव, चिचम पुल की यात्रा भी आप बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां आसपास के क्षेत्र की सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से महसूस किया जा सकता है।