सुंदरबन नेशनल पार्क पश्चिम बंगाल का खजाना है जहां घूमने का आप प्लान कर सकते हैं। भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने 3 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'SUNDARBANS DISCOVER OF MANGROVES' है।
सुंदरबन नेशनल पार्क दुनिया के सबसे बड़े मैंग्रोव जंगलों में से एक है और यहां रॉयल बंगाल टाइगर का भी बसेरा है। यह जगह मैंग्रोव जंगलों, नदियों और अनोखे वन्यजीवन के लिए दुनियाभर में मशहूर है। बाघों के अलावा कई तरह के पक्षी, सरीसृप और समुद्री जीव यहां आपको देखने को मिलते हैं।
आपकी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से होगी। इस पैकेज के लिए आप अपनी सहूलियत के हिसाब से किसी भी दिन के लिए बुकिंग कर सकते हैं। हर दिन सुबह करीब 7:45 बजे प्रिय सिनेमा, देशप्रिय पार्क के पास से एसी गाड़ी द्वारा आपको पिकअप किया जाता है। रास्ते में खूबसूरत नजारों का आनंद लेते हुए करीब 11 बजे आप गोडखाली पहुंचते हैं। यहां से नाव के जरिए सुंदरबन की असली यात्रा शुरू होती है।
नाव में बैठते ही आपको स्वागत ड्रिंक के साथ चाय या कॉफी दी जाती है। नदी के रास्ते खूबसूरत मैंग्रोव जंगलों को देखते हुए आप डेयापुर पहुंचते हैं। इसके बाद आप सुंदरबन टाइगर कैंप में चेक-इन करते हैं और दोपहर का खाना फिशरमैन व्हार्फ रेस्टोरेंट में खाते हैं। शाम को नाव से जातीरामपुर बर्ड नेस्टिंग सेंटर घूमने जाते हैं, जहां आपको कई खूबसूरत पक्षियों को देखने का मौका मिलता है। शाम को वापस रिसॉर्ट आने के बाद हाई-टी और स्नैक्स का मजा लें। रात में स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक नृत्य का कार्यक्रम होता है। इसके बाद डिनर और आराम का समय।
दूसरे दिन की शुरुआत होती है जंगल और नदियों के बीच नाव सफारी से। सुबह नाव से सुंदरबन के अंदरूनी हिस्सों में घूमने निकलते हैं। चारों तरफ घने मैंग्रोव जंगल, शांत नदियां और प्राकृतिक नजारे आपको एक अलग दुनिया का एहसास कराते हैं। नाव पर ही नाश्ता किया जाता है और इसके बाद आप दोबांकी वॉच टावर इलाके में जाते हैं। शाम को गांव की सैर का मौका मिलता है, जहां आप स्थानीय लोगों की जिंदगी और संस्कृति को करीब से समझ सकते हैं। रात में फिर से लोक गीत या लोक नृत्य का कार्यक्रम होता है। डिनर के बाद आप मैंग्रोव बार में आराम कर सकते हैं।
तीसरे दिन सुबह आप सुधन्याखाली वॉच टावर इलाके के लिए निकलते हैं। नाव से नदियों और छोटे-छोटे रास्तों (क्रीक्स) के बीच सफर करते हुए सुंदरबन के शानदार नजारे देखने को मिलते हैं। यह इलाका रॉयल बंगाल टाइगर को देखने के लिए भी जाना जाता है। इसके बाद दोपहर से पहले आप रिसॉर्ट वापस लौटते हैं और करीब 11 बजे लंच के बाद चेक-आउट करते हैं। फिर नाव से गोडखाली जेट्टी पहुंचकर कोलकाता वापसी के लिए निकल जाते हैं।
खर्चे की बात करें तो डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹11950 और ₹11650 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹7850 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड EHH138 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 8595904074, 6290861577 संपर्क कर सकते हैं।