अगर आप किसी ऐसी जगह पहुंच जाते हैं जहां इंटरनेट कनेक्शन नहीं है, तो Google Maps का ऑफलाइन मैप फीचर आपके बहुत काम आ सकता है। इसके लिए पहले उस जगह को सर्च करें, फिर नीचे दिए गए तीन डॉट्स पर टैप करें और “Download offline map” विकल्प चुनें। जरूरी एरिया का मैप डाउनलोड करने के बाद, बिना इंटरनेट के भी रास्ता देखा जा सकता है। डाउनलोड किए गए मैप्स को प्रोफाइल आइकन में जाकर “Offline Maps” सेक्शन से एक्सेस किया जा सकता है।
नई जगहों पर भाषा की दिक्कत आम बात है। ऐसे में Google Maps की “Translate” सुविधा मददगार साबित होती है। जिस स्थान का नाम या पता समझना हो, उसे खोलें। वहां स्पीकर का आइकन दिखाई देगा। उस पर टैप करते ही उस जगह का उच्चारण आपकी भाषा में सुनाई देगा, जिससे सही लोकेशन समझना आसान हो जाता है।
अक्सर मॉल या बड़ी पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद उसकी जगह भूल जाना परेशानी का कारण बनता है। Google Maps में पार्किंग सेव करने का फीचर मौजूद है। पार्किंग के बाद अपनी मौजूदा लोकेशन यानी ब्लू डॉट पर टैप करें और “Save Parking” या “P” आइकन चुनें। इसके बाद आप नोट जोड़ सकते हैं, अलार्म सेट कर सकते हैं और पार्किंग की जानकारी किसी से शेयर भी कर सकते हैं।
अगर आपको सफर के दौरान एक से ज्यादा जगह रुकना है, तो “Add stop” फीचर बेहद उपयोगी है। इसके लिए पहले रूट डालें, फिर ऊपर दाईं ओर दिए गए तीन डॉट्स पर टैप कर “Edit stops” विकल्प चुनें। यहां आप कई स्टॉप जोड़ सकते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार उनका क्रम भी बदल सकते हैं।
Google Maps के अंदर ही Google Earth का फीचर मिलता है, जिससे किसी भी जगह का थ्री-डी और 360 डिग्री व्यू देखा जा सकता है। लोकेशन सर्च करने के बाद फोटो जैसा आइकन या घूमता हुआ एरो दिखाई देता है। उस पर टैप करने से आप सड़क और आसपास के इलाके को करीब से देख सकते हैं, जिससे जगह को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
अगर आपने Google Maps पर कोई रेस्टोरेंट खोज लिया है, तो वहीं से सीधे खाना ऑर्डर करने का विकल्प भी मिलता है। रेस्टोरेंट की जानकारी खोलकर नीचे स्क्रॉल करें और “Place an order” विकल्प पर टैप करें। इसके जरिए आप डिलीवरी एप्स या वेबसाइट पर जाकर ऑर्डर कर सकते हैं, हालांकि यह सुविधा सभी रेस्टोरेंट्स पर उपलब्ध नहीं होती।
कुछ रास्तों पर ज्यादा टोल टैक्स देना पड़ता है। Google Maps में ऐसा विकल्प है, जिससे आप टोल-फ्री या कम टोल वाले रास्ते चुन सकते हैं। रूट डालने के बाद तीन डॉट्स पर टैप करें, “Route Options” चुनें और “Avoid tolls” को ऑन कर दें। इससे आपको वैकल्पिक रास्ते दिखाई देने लगेंगे।