क्रिकेट

ENG vs PAK 3rd Test Day 1 Highlights: इंग्लैंड ने पहले ही दिन पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट में मजबूत की पकड़

मेजबान इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में शुरु हुए सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट के पहले ही दिन मेहमान टीम को पहली पारी में सस्ते में ढेर करने के बाद अपनी पकड़ 23 रन की बढ़त हासिल करके मजबूत कर ली है।ऐसा रहा पहले दिन के खेल का हाल?

Image

पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड

Photo : AP

बर्मिघम: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में बुधवार को शुरु हुए सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन मेजबान इंग्लैंड ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए एमिलियो गे और हैरी ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 23 रन की बढ़त हासिल कर ली है। पाकिस्तान की टीम पहली पारी में महज 133 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने खराब शुरुआत के बाद दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 156 रन बना लिए हैं।

पाकिस्तान के 133 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पारी की शुरुआत लड़खड़ाई हुई रही। मोहम्मद अली ने चौथे ओवर में बेन डकेट को 11 रन पर आउट कर दिया; डकेट स्लिप में बाबर आजम के हाथों कैच आउट हुए, उस वक्त टीम का स्कोर 12 रन था। इसके बाद मेजबान टीम को महज 12 गेंद बाद एक और झटका लगा। मोहम्मद अब्बास ने जॉर्डन कॉक्स को चार रन पर एलबीडब्लू आउट कर दिया। ऐसे में इंग्लैंड का स्कोर 24 रन पर दो विकेट हो गया।

इसके बाद ओपनर एमिलियो गे और कप्तान जो रूट ने तीसरे विकेट के लिए 15 रन जोड़े, लेकिन दिन के तीसरे और आखिरी सत्र की शुरुआत में ही डेब्यू कर रहे रजाउल्लाह ने रूट को आठ रन पर एलबीडब्लू आउट कर दिया। इसके बाद हैरी ब्रूक ने गे के साथ चौथे विकेट के लिए 104 रनों की अहम साझेदारी करके इंग्लैंड की पारी को संभाला। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों को परेशान किया और मेजबान टीम को बढ़त दिलाने में सफल रहे।

आखिरकार रजाउल्लाह ने गे को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। गे ने 114 गेंदों में नौ चौकों की मदद से संयमित 60 रन बनाए; उनके आउट होने पर इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट पर 143 रन ह गया। ब्रूक और लॉरेंस ने बाकी ओवर सुरक्षित खेले और पांचवें विकेट के लिए नाबाद 13 रन जोड़े, जिससे इंग्लैंड ने दिन का खेल का अंत मजबूत स्थिति में रहते हुए किया। रज़ाउल्लाह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 42 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली ने एक-एक विकेट लिया।

दिन की शुरुआत में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम को तीसरे ओवर में ही शुरुआती झटका लगा। ओली रॉबिन्सन ने वापसी कर रहे ओपनर सैम अयूब को 10 गेंदों में बिना खाता खोले एलबीडब्लू आउट कर दिया। इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने पाकिस्तान के दूसरे ओपनर अज़ान अवैस को आउट किया। अवैस ने 20 गेंदों में दो चौकों की मदद से नौ रन बनाए थे। उनके आउट होने के बाद 5.5 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 14-2 हो गया।

विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और रॉबिन्सन ने अब्दुल्ला शफीक को 16 गेंदों में तीन रन पर आउट कर दिया। अगले ही ओवर में आर्चर ने पूर्व कप्तान शान मसूद को सात गेंदों में पांच रन पर आउट किया, जिससे पाकिस्तान का स्कोर 4 विकेट पर 28 रन होगया। पाकिस्तान ने 15वें ओवर में अपने आधे विकेट गंवा दिए, जब जोश टंग ने कप्तान बाबर आजम को 18 गेंदों पर सात रन पर आउट कर दिया। अपनी छोटी सी पारी में बाबर सिर्फ एक बाउंड्री ही लगा पाए और पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 48 रन हो गया।

डेब्यू कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज ग़ाज़ी ग़ोरी ने टंग की गेंद पर बाउंड्री लगाकर अपना टेस्ट खाता खोला। हालांकि, उनकी पारी ज्यादा देर नहीं चली और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ने उन्हें पाँच गेंदों पर चार रन पर आउट करके पारी का अपना दूसरा विकेट लिया। एक और डेब्यूटेंट इमरान रंधावा, भी क्रीज़ पर ज़्यादा देर नहीं टिक पाए; टंग ने उन्हें आउट करके अपना तीसरा विकेट लिया, जिससे पाकिस्तान 20.4 ओवर के बाद 7 विकेट पर 84 के स्कोर पर मुश्किल में पड़ गया।

लंच के ठीक बाद रॉबिन्सन ने रज़ाउल्लाह को आउट किया; उन्होंने 11 रन बनाए थे और पाकिस्तान का स्कोर 8 विकेट पर 101 रन हो गया। सऊद शकील ने 47 गेंदों पर तेज़ 43 रन बनाकर संघर्ष जारी रखा, लेकिन 107 के स्कोर पर वह भी आउट हो गए।मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली की आखिरी जोड़ी ने 26 रन जोड़े, लेकिन फिर आर्चर ने अब्बास को आउट कर दिया और पाकिस्तान की टीम 133 रन पर ऑलआउट हो गई।

इंग्लैंड के लिए टंग ने चार विकेट लिए, जबकि आर्चर और रॉबिन्सन ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article