Apple ने बुधवार को अपने ‘Surprise and Shine’ इवेंट में आखिरकार अपना पहला फोल्डेबल iPhone ग्लोबल मार्केट में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे iPhone Duo नाम दिया है। यह फोन दो कलर ऑप्शन में पेश किया गया है और जल्द ही बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। iPhone Duo को Apple ने बेहद पतले टाइटेनियम डिजाइन के साथ तैयार किया है और इसमें दो डिस्प्ले दिए गए हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए iOS 27 को भी खास तौर पर डिजाइन किया गया है।
A20 Pro चिपसेट से लैस है iPhone Duo
iPhone Duo में Apple का लेटेस्ट A20 Pro चिपसेट दिया गया है। यह चिप TSMC की 2nm प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर आधारित है। यही प्रोसेसर नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में भी इस्तेमाल किया गया है। इससे फोल्डेबल फोन में तेज परफॉर्मेंस के साथ बेहतर पावर एफिशिएंसी मिलने की उम्मीद है।
7.6 इंच की बड़ी इनर स्क्रीन
फोन को खोलने पर इसमें 7.6 इंच का बड़ा फोल्डेबल डिस्प्ले मिलता है। Apple ने दोनों डिस्प्ले में एक जैसा आस्पेक्ट रेशियो रखा है, जिससे फोन को बंद से खोलने पर कंटेंट का अनुभव ज्यादा सहज रहता है। कंपनी ने इनर डिस्प्ले पर FaceTime कैमरा को स्क्रीन के नीचे छिपाया है।

iPhone Duo Display
iPhone Duo में कवर डिस्प्ले के साथ इनर फोल्डेबल स्क्रीन पर भी कैमरा दिया गया है। बड़ी स्क्रीन का फायदा उठाते हुए यूजर्स एक साथ होम स्क्रीन के दो पेज देख सकेंगे। Mail और Messages जैसे ऐप्स में भी ज्यादा कंटेंट एक साथ दिखाई देगा।
48MP के दो रियर कैमरे
फोटोग्राफी के लिए iPhone Duo में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें दो 48-मेगापिक्सल कैमरे शामिल हैं। इसके अलावा फोन के कवर डिस्प्ले और अंदर की फोल्डेबल स्क्रीन पर भी कैमरा उपलब्ध है, जिससे सेल्फी और वीडियो कॉलिंग का अनुभव बेहतर किया जा सके। इसमें iPhone 18 Pro Max वाला कैमरा सेटअप ही दिया गया है।
टाइटेनियम बॉडी और बेहद पतला डिजाइन
Apple के मुताबिक, iPhone Duo को खोलने पर यह अब तक का सबसे पतला iPhone है। इसका फ्रेम एयरोस्पेस-ग्रेड टाइटेनियम से बनाया गया है और इसमें पॉलिश्ड मिरर फिनिश दी गई है। फोन के जरूरी कंपोनेंट्स को कैमरा प्लेटो के आसपास पैक किया गया है, जिससे अंदर बड़ी बैटरी के लिए ज्यादा जगह बनाई जा सके।
फोन में वैरिएबल-टॉर्क हिंज दिया गया है। यह फोन को खोलने पर इनर स्क्रीन को फ्लैट रखने में मदद करता है और मैग्नेट की मदद से फोन को बंद करते समय मजबूत और स्मूथ क्लोजिंग देता है। हिंज में 100 से ज्यादा प्रिसिजन कंपोनेंट्स का इस्तेमाल किया गया है।
स्क्रीन पर कम दिखेगा क्रीज
फोल्डेबल फोन की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली क्रीज को कम करने के लिए Apple ने कस्टम नैनो-टेक्सचर फिनिश का इस्तेमाल किया है। कंपनी का कहना है कि इससे ग्लेयर और रिफ्लेक्शन कम होने के साथ-साथ फोल्ड की क्रीज भी कम नजर आएगी।
डिस्प्ले कई लेयर्स से बना है, जिसमें स्टिफ पॉलिमर कवर, स्क्रैच-रेजिस्टेंट कोटिंग, प्रोटेक्टिव ग्लास और टाइटेनियम प्लेट शामिल हैं। फोल्डिंग के दौरान स्क्रीन को सही तरीके से मूव करने के लिए विस्कोइलास्टिक एडहेसिव का इस्तेमाल किया गया है।
फोल्डेबल iPhone के लिए iOS 27 में बदलाव
Apple ने iPhone Duo के दोनों डिस्प्ले को ध्यान में रखते हुए iOS 27 को भी रिडिजाइन किया है। कंट्रोल्स को स्क्रीन के किनारे शिफ्ट किया गया है, ताकि ज्यादा स्क्रीन स्पेस मिले और यूजर उन्हें आसानी से अंगूठे से एक्सेस कर सके। होम स्क्रीन का डॉक अब वर्टिकल लेआउट में है, जबकि स्टेटस बार कोने में कॉम्पैक्ट तरीके से दिखाई देता है। ऐप्स और कंटेंट बाहरी और अंदरूनी दोनों डिस्प्ले के हिसाब से अपने आप एडजस्ट हो जाते हैं।
MagSafe वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट
iPhone Duo में MagSafe वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है। यानी यूजर्स Apple के MagSafe एक्सेसरीज और चार्जिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी के दावे के मुताबिक 20 मिनट में 50 प्रतिशत बैटरी चार्ज होगी यानी फास्ट चार्जिंग दी गई है।
iPhone Duo की कीमत और उपलब्धता
iPhone Duo की शुरुआती कीमत $1,999 (लगभग ₹1,90,000) है। यह कीमत 256GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की है। कंपनी इस फोल्डेबल स्मार्टफोन को 2TB तक के स्टोरेज ऑप्शन में उपलब्ध कराएगी। iPhone Duo के लिए 16 अक्टूबर से प्री-ऑर्डर शुरू होंगे, जबकि इसकी बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है।
iPhone Duo की भारत में कीमत
- 256GB: ₹2,99,900
- 512GB: ₹3,24,900
- 1TB: ₹3,74,900
- 2TB: ₹4,49,900
