AI कंपनी Anthropic ने एक नया जनरल-पर्पज AI एजेंट Claude Cowork पेश किया है, जो यूजर के कंप्यूटर पर मौजूद फाइल्स को पढ़ने, एडिट करने, एनालाइज करने और नई फाइल्स बनाने की क्षमता रखता है। यह टूल फिलहाल “रिसर्च प्रीव्यू” के तौर पर उपलब्ध है और सिर्फ Claude Max सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स ही इसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
Anthropic ने Claude Cowork को इस तरह तैयार किया है कि इसे प्रोग्रामिंग न जानने वाले यूजर्स भी आसानी से इस्तेमाल कर सकें। कंपनी इसे “आपके बाकी कामों के लिए Claude Code” बता रही है। जहां Claude Code अब तक डेवलपर्स के बीच लोकप्रिय था, वहीं Cowork का मकसद उसी ताकत को आम यूजर्स तक पहुंचाना है, बिना किसी कोडिंग इंटरफेस के।
Claude Cowork को कंप्यूटर के किसी एक तय फोल्डर का एक्सेस दिया जाता है। उसी दायरे में यह कई काम कर सकता है, जैसे डाउनलोड फोल्डर को व्यवस्थित करना, फाइल्स के सही नाम रखना, रसीदों की तस्वीरों से एक्सपेंस शीट बनाना और बिखरे नोट्स से रिपोर्ट या डॉक्यूमेंट का ड्राफ्ट तैयार करना। यह AI एजेंट खुद प्लान बनाकर स्टेप-बाय-स्टेप काम करता है और यूज़र को लगातार अपडेट देता रहता है। कंपनी के मुताबिक, यह बातचीत से ज्यादा किसी को-वर्कर को काम सौंपने जैसा अनुभव देता है।
Anthropic के अनुसार, Claude Cowork को करीब डेढ़ हफ्ते में तैयार किया गया और इसमें Claude Code की ही मदद ली गई। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह टूल Claude Code की ताकत को ज्यादा बड़े यूज़र बेस तक पहुंचा सकता है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में Google Gemini और OpenAI भी इसी तरह के AI एजेंट पेश कर सकते हैं।
Claude Cowork के साथ Anthropic अब सीधे तौर पर Microsoft Copilot जैसे एंटरप्राइज प्रोडक्टिविटी टूल्स को टक्कर दे रहा है। डेवलपर्स से शुरुआत कर आम बिजनेस यूजर्स तक पहुंचने की यह रणनीति कंपनी को बढ़त दिला सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Anthropic पहले ही एंटरप्राइज सेक्टर में OpenAI से आगे निकल रहा है।
Anthropic ने माना है कि किसी भी AI एजेंट की तरह Claude Cowork में भी सिक्योरिटी रिस्क मौजूद हैं, खासतौर पर “प्रॉम्प्ट इंजेक्शन” जैसे हमलों का खतरा। कंपनी का कहना है कि उसने सुरक्षा उपाय लागू किए हैं, लेकिन यह क्षेत्र अभी भी विकसित हो रहा है। इसलिए यूज़र्स को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Claude Cowork सिर्फ उसी फोल्डर तक सीमित रहता है, जिसकी अनुमति यूजर देता है। एक्सेस को कभी भी हटाया जा सकता है। फाइल प्रोसेसिंग लोकल सिस्टम पर एक आइसोलेटेड कंटेनर में होती है, जिससे यूजर को कंट्रोल बना रहता है।
फिलहाल यह टूल macOS पर Claude Desktop ऐप में उपलब्ध है और इसके लिए $100 प्रति माह वाला Claude Max प्लान जरूरी है। आने वाले समय में इसके Windows वर्जन की उम्मीद की जा रही है। Claude Cowork खासतौर पर मार्केटिंग, एडमिन, कंटेंट और अन्य नॉलेज वर्कर्स के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है, बशर्ते इसका इस्तेमाल सावधानी और स्पष्ट निर्देशों के साथ किया जाए।