बारिश की बूंदें खिड़की पर दस्तक दें, बाहर जाने का प्लान कैंसिल हो जाए और बच्चे कुछ ही देर में बोरियत की शिकायत करने लगें। मानसून के वीकेंड में ऐसा अक्सर होता है। इस वीकेंड बारिश अगर आपको घर में रोक रही है तो इसे परेशानी नहीं, परिवार के साथ कुछ नया करने का मौका बनाइए।
बारिश वाले दिन बच्चों के लिए आर्ट से बेहतर एक्टिविटी क्या हो सकती है? घर में एक छोटी-सी जगह चुनें और वहां रंग, स्केच पेन, कलर पेपर, गोंद और क्रेयॉन रख दें। अब बच्चों को उनकी पसंद की चीज बनाने दें।
बाहर कैंपिंग का प्लान बारिश के कारण कैंसिल हो गया? कोई बात नहीं। कमरे में ही छोटा-सा कैंप बना लीजिए। कुछ चादरों, कुशन और तकियों की मदद से बच्चों के लिए टेंट जैसा सेटअप तैयार करें। कमरे की रोशनी थोड़ी कम करके टॉर्च या सुरक्षित LED लाइट का इस्तेमाल करें।
बच्चों को किचन से दूर रखने के बजाय उम्र के अनुसार उन्हें छोटे-छोटे सुरक्षित काम सौंपे जा सकते हैं। बारिश वाले वीकेंड पर पूरा परिवार मिलकर कोई आसान स्नैक तैयार कर सकता है।
कब से अलमारी या मोबाइल में रखी पुरानी तस्वीरों को देखा नहीं? बारिश वाला वीकेंड इसके लिए बिल्कुल सही है। बच्चों के साथ बैठकर पुरानी फैमिली फोटोज देखें और उनसे जुड़े किस्से सुनाएं। इसके बाद कुछ तस्वीरें चुनकर एक छोटा-सा Family Memory Collage बनाया जा सकता है।
बच्चों को कहानी सुनाना तो सभी को पसंद होता है, लेकिन इस बार कहानी सिर्फ सुनाएं नहीं उसे मिलकर तैयार करें। परिवार का कोई सदस्य कहानी की शुरुआत करे और फिर हर व्यक्ति उसमें एक नया हिस्सा जोड़ता जाए। इसके बाद बच्चे उस कहानी के किरदार बनकर छोटा-सा नाटक भी कर सकते हैं।
वीकेंड पर बाहर घूमने का प्लान कैंसिल होना जरूरी नहीं कि पूरे दिन की बोरियत में बदल जाए। असल मजा कई बार किसी महंगे आउटिंग प्लान में नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताए उन छोटे-छोटे पलों में छिपा होता है जिन्हें बच्चे लंबे समय तक याद रखते हैं।