दिल्ली : नरेला इलाके में तेज रफ्तार और नशे में लापरवाही का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक बेकाबू मर्सिडीज कार ने सड़क पर पैदल जा रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
धार्मिक कार्य के लिए घर से निकली थीं महिला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका सुबह अपने घर से किसी धार्मिक कार्य के लिए पैदल निकली थीं। जैसे ही वह नरेला इलाके में सड़क पार कर रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरीं और सड़क पर खून से लथपथ अचेत हो गईं।
मर्सिडीज ने कई अन्य वाहनों को भी बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला को कुचलने के बाद भी चालक की रफ्तार कम नहीं हुई। बेकाबू मर्सिडीज आगे खड़े और वहां से गुजर रहे कई अन्य वाहनों से भी एक के बाद एक टकराती चली गई। इस हादसे में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों का मलबा बिखर गया। गनीमत यह रही कि अन्य वाहनों में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं, वरना एक बड़ा नरसंहार हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को नजदीकी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को स्थानीय लोगों ने घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज और अन्य क्षतिग्रस्त वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला नशे में गाड़ी चलाने (Drunk Driving) और तेज रफ्तार का प्रतीत हो रहा है। पुलिस फिलहाल मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है और चालक के मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
