पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद बांग्लादेश ने आईसीसी डब्ल्यूटीसी प्वॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है। वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान का इस करारी हार के बाद अंक तालिका में बुरा हाल हो चुका है। आइए जानते हैं कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 की ताजा अंक तालिका में कौन सा देश किस नंबर पर है।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम इस समय आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की ताजा अंक तालिका में नंबर.1 स्थान पर बनी हुई है। उसने अब तक 8 टेस्ट मैचों में 7 जीते हैं और 1 मैच गंवाया है। उसके 84 अंक हैं और जीत प्रतिशत सबसे ज्यादा 87.50 है।
इस अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम जिसने 3 मैचों में 2 मैच जीते हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है। अब न्यूजीलैंड के 28 अंक हैं और जीत प्रतिशत 77.78 है जिस वजह से वो दूसरे स्थान पर है।
साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में तीसरे पायदान पर है। उसने अब तक 4 मैचों में 3 जीते हैं और 1 मैच हारा है। उसके अब तक 36 अंक है और जीत प्रतिशत 75 फीसदी है।
एशियाई टीमों में श्रीलंका सबसे ऊपर है। वो चौथे पायदान पर है। श्रीलंका ने 2 टेस्ट मैचों में 1 मैच जीता है और 1 मैच ड्रॉ रहा है। उसके अब तक 16 अंक हैं लेकिन जीत प्रतिशत 66.67 है।
बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-0 से जीतने के बाद छलांग लगाते हुए सीधे पांचवें स्थान पर कब्जा जमाया है। उसने 4 टेस्ट मैचों में 2 जीते हैं, 1 गंवाया है और 1 मैच ड्रॉ रहा। बांग्लादेश के 28 अंक और जीत प्रतिशत 58.33 है।
भारत इस विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में 9 मैचों में 4 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के बाद 52 अंक व 48.15 का जीत प्रतिशत लेकर छठे नंबर पर है। भारत को अपने पिछले दो टेस्ट मैचों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी। अब वो अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच की सीरीज खेलने वाले हैं।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अब तक इस WTC चक्र में सबसे ज्यादा 10 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 3 जीत दर्ज की है जबकि 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, 1 मैच ड्रॉ भी रहा था। वो 38 अंक और 31.67 का जीत प्रतिशत लेकर सातवें स्थान पर हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से बड़ी हार मिली है जिसके बाद अब वो फिसलकर आठवें नंबर पर आ गया है। उसने इस WTC चक्र में 4 मैचों में सिर्फ 1 जीत दर्ज की है और 3 मैच हारे हैं। उसका जीत प्रतिशत 8.33 है और अंक 4 हैं।
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका 2025-2027 की इस पॉइंट्स टेबल में नौवें व आखिरी स्थान पर वेस्टइंडीज है जिसने इस चक्र में अब तक खेले 8 टेस्ट मैचों में एक भी नहीं जीता है। उन्होंने 7 मैच गंवाए हैं और 1 मैच ड्रॉ खत्म हुआ था। इस वजह से उनके भी सिर्फ 4 अंक हैं और जीत प्रतिशत 4.17 है।