T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी 2026 को होने जा रही है। पहले दिन भारत-अमेरिका और पाकिस्तान-नीदरलैंड के मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के कई दिलचस्प पहलू सामने आ रहे हैं, हम यहां जानेंगे कि आखिर कौन हैं इस बार टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा उम्र वाला क्रिकेटर।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 20 देशों के तमाम खिलाड़ी मैदान पर उतरने वाले हैं, लेकिन इन सबमें सबसे ज्यादा उम्र वाले खिलाड़ी होंगे ओमान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद नदीम।
ओमान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मोहम्मद नदीम का जन्म 4 सितंबर 1982 को हुआ था। उनकी उम्र इस समय 43 साल हो चुकी है। वो टी20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा उम्र वाले क्रिकेटर होने जा रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर मोहम्मद नदीम का नाता दो देशों से है। उनका जन्म पाकिस्तान के सियालकोट में हुआ था और वो मूल रूप से एक पाकिस्तानी हैं। लेकिन बाद में पाकिस्तान क्रिकेट में मौका ना मिलता देख वो ओमान से खेलने लगे और आज ओमान टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं।
मोहम्मद नदीम ने बहुत कम उम्र में क्रिकेट की तरफ रुख कर लिया था। वो 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलने लगे थे। पाकिस्तान के साहोवाला में स्थित अपने स्कूल के करीब एक क्रिकेट ग्राउंड में उन्होंने कम उम्र में क्रिकेट का पाठ सीखना शुरू कर दिया था।
मोहम्मद नदीम साल 2015 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच 25 जुलाई 2015 को एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के रूप में खेला था, जिसमें वो अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते नजर आए थे। जबकि अप्रैल 2019 में उन्होंने अपना पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।
दाएं हाथ के बल्लेबाज व दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद नदीम ने वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 42 मैचों में 862 रन बनाए हैं और 21 विकेट भी लिए हैं। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वो 61 मैचों में 641 रन बना चुके हैं और 34 विकेट भी झटक चुके हैं।
अब तक नदीम ने कोई प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच नहीं खेला है। लेकिन घरेलू व लीग क्रिकेट में वो खेलते रहे हैं। लिस्ट-ए (घरेलू वनडे क्रिकेट) में उन्होंने अब तक 60 मैचों में 1220 रन बनाए हैं और 38 विकेट लिए हैं। जबकि टी20 क्रिकेट के 70 मैचों में वो 722 रन बना चुके हैं और 38 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं।