दुनिया में ऐसे कई जीव हैं, जिनका रहन-सहन और प्यार करने का अंदाज इंसानों से बिल्कुल अलग है। कोई पक्षी खूबसूरत पंख फैलाकर पार्टनर को आकर्षित करता है तो कोई अपनी आवाज से उसका ध्यान खींचता है लेकिन समुद्र के आसपास पाए जाने वाले एक खास पक्षी का तरीका इन सबसे बिल्कुल अलग है।
दरअसल, यह पक्षी अपने चमकीले नीले पैरों को दिखाकर पार्टनर को इंप्रेस करने की कोशिश करता है। जिसके भी ज्यादा नीले पैर होते हैं, उसे उतनी ही जल्दी पार्टनर मिल जाती है। जब इन पक्षियों के प्रजनन का मौसम आता है तो नर पक्षी मादा को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए एक खास तरह का डांस करता है।
इस दौरान वह अपने पैरों को बारी-बारी से ऊपर उठाता है और ऐसे चलता है जैसे किसी स्टेज पर परफॉर्म कर रहा हो। उसके इस डांस में सबसे ज्यादा ध्यान उसके नीले पैरों पर ही जाता है। नर बार-बार अपने पैरों को उठाकर मादा को दिखाता है। यह नजारा देखने में काफी मजेदार भी लगता है। ऐसा लगता है जैसे पक्षी कह रहा हो, 'मेरे पैर देखो और मुझे अपना पार्टनर चुन लो!'
हम जिस पक्षी की बात कर रहे हैं, उस अनोखे पक्षी का नाम है ब्लू-फुटेड बूबी (Blue-footed Booby) है। जैसा इसका नाम है, इसकी सबसे बड़ी पहचान भी इसके नीले पैर ही हैं। दूर से देखने पर इसके पैर इतने चमकीले नीले नजर आते हैं कि पहली बार देखने वाला भी कुछ पल के लिए हैरान रह जाता है। ऐसा बहुत ही कम देखने को मिलता है किसी पक्षी के पैर नीले रंग के हों।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन पैरों का रंग पक्षी की सेहत के बारे में भी संकेत दे सकता है। ब्लू-फुटेड बूबी के पैरों का नीला रंग उसकी डाइट और शरीर की स्थिति से जुड़ा माना जाता है। भोजन से मिलने वाले पिगमेंट और शरीर की स्थिति इसके पैरों के रंग को प्रभावित करते हैं इसलिए प्रजनन के मौसम में पैरों का चमकीला नीला रंग नर की अच्छी सेहत का संकेत हो सकता है।
यही वजह है कि मादा बूबी अक्सर ज्यादा चमकीले नीले पैरों वाले नर की ओर आकर्षित होती हैं। यानी यहां मामला सिर्फ 'सुंदर कौन दिख रहा है' का नहीं, बल्कि 'कौन ज्यादा स्वस्थ और मजबूत है' का भी हो सकता है। प्रकृति में किसी भी जीव के लिए पार्टनर चुनना बेहद अहम होता है। खासकर उन पक्षियों में जो अपने बच्चों की देखभाल करते हैं। ऐसे में मादा के लिए ऐसा नर चुनना फायदेमंद हो सकता है जो स्वस्थ हो और अच्छे तरीके से बच्चों की परवरिश में साथ दे सके।
'Booby' नाम सुनकर भले ही यह पक्षी अजीब लगे, लेकिन इसका नाम इसके व्यवहार से जुड़ा माना जाता है। ब्लू-फुटेड बूबी समुद्री पक्षी है और यह समुद्र के ऊपर उड़ने के साथ-साथ पानी में गोता लगाकर मछलियां पकड़ने के लिए भी जाना जाता है। इसके नीले पैर इसे दूसरी कई समुद्री चिड़ियों से अलग पहचान देते हैं।