लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए। टीम की ओर से निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 63 रन की तूफानी पारी खेली। मिचेल मार्श ने 44 रन बनाए। अंत में हिम्मत सिंह (40*) और एडेन मारक्रम (31*) ने अच्छी साझेदारी की, लेकिन रन गति ज्यादा नहीं बढ़ा पाए।
लखनऊ ने 228 रन बनाए और पूरन ने 63 रनों की पारी खेली। वहीं मुंबई की ओर से कोर्बिन बॉश ने सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट लिए, जबकि बाकी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला। इसके बाद भी पूरन की पारी बेकार चली गई।
229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और रिकेल्टन ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े। रिकेल्टन ने 32 गेंदों में 83 रन बनाए, जबकि रोहित ने 44 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली। दोनों ने तेजी से रन बनाकर मैच लगभग मुंबई के पक्ष में कर दिया।
रिकेल्टन के आउट होने के बाद भी रोहित ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन वह भी बाद में आउट हो गए। रोहित ने इंजरी से वापस आने के बाद धमाकेदार हाफ सेंचुरी जड़ी। उन्होंने इस पारी में 6 चौके और 7 छक्के जड़े।
आखिरी ओवरों में मुंबई को जीत के लिए ज्यादा रन नहीं चाहिए थे। नमन धीर और विल जैक्स ने मिलकर आसानी से टीम को जीत दिला दी। मुंबई ने 8 गेंद पहले ही 229 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
मुंबई इंडियंस से हार के बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि जिस तरह से हमने शुरुआत की, मुझे लगता है कि हमें और रन बनाने चाहिए थे। लेकिन निश्चित रूप से कुछ अच्छे संकेत हैं। लड़कों ने खुलकर खेला, लेकिन अंत में, मुझे लगता है कि मुंबई ने अच्छी गेंदबाजी की क्योंकि वे निश्चित रूप से इन परिस्थितियों के आदी हैं। हम 10-15 रन कम रह गए क्योंकि यह निश्चित रूप से 220-230 का विकेट था।
ऋषभ पंत ने कहा कि हम इस तरह के विकेट में अपने गेंदबाजों को दोष नहीं दे सकते। वे हमारे लिए शानदार काम कर रहे हैं। इसलिए निश्चित रूप से उनके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।
लगातार हार पर ऋषभ पंत ने कहा कि उन्हें और उनकी टीम को अच्छी किस्मत की जरूरत है। मैं बस यही कहने जा रहा हूं कि किस्मत कैसे पाएं? हां, मुझे लगता है कि इसके आसपास बहुत सारी दुआएं काम करेंगी। हमें निश्चित रूप से कुछ और मेहनत करनी होगी।