टी20 विश्व कप 2024 की जीत के बाद रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद टी20 में सूर्यकुमार यादव को नया कप्तान बनाया गया, जबकि सबसे लंबे प्रारूप टेस्ट क्रिकेट और 50 ओवर फॉर्मेट ODI क्रिकेट में रोहित शर्मा ही कप्तान हैं।
रोहित शर्मा को बीसीसीआई ने सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट में शीर्ष के A+ ग्रेड कैटेगरी में रखा है। इस ग्रेड में मौजूद खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सालाना 7 करोड़ रुपये की सैलरी देता है।
सालाना सैलरी के अलावा हर खिलाड़ी को मैच के हिसाब से भी सैलरी मिलती है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बात करें तो उनको 1 टेस्ट मैच के 15 लाख, 1 वनडे मैच के 6 लाख और 1 टी20 मैच के 3 लाख रुपये मिलते हैं।
अगर बात करें हाल ही में भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान नियुक्त किए गए सूर्यकुमार यादव की सालाना सैलरी की, तो उनको बीसीसीआई ने B कैटेगरी में रखा है। इस कैटेगरी के हिसाब से सूर्यकुमार की वार्षिक सैलरी 3 करोड़ रुपये है।
वहीं हर मैच की सैलरी की बात करें तो सूर्यकुमार यादव को एक टेस्ट मैच खेलने के 15 लाख रुपये, एक वनडे खेलने के 6 लाख रुपये और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के 3 लाख रुपये मिलते हैं।
रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की मैच सैलरी में तो कोई अंतर नहीं है लेकिन रोहित की वार्षिक सैलरी 4 करोड़ रुपये ज्यादा है। वहीं अगर आईपीएल सैलरी की बात करें तो रोहित की मौजूदा आईपीएल सैलरी 16 करोड़ रुपये है। जबकि सूर्यकुमार की आईपीएल सैलरी 8 करोड़ रुपये है।